Rajasthan: घी ने पकड़वाया राजस्थान पेपर लीक का सरगना भूपेंद्र सारण, बेंगलूरु एयरपोर्ट से दबोचा
Bhupendra Saran: राजस्थान पेपर लीक 2022 केस में मास्टर माइंड भूपेंद्र सारण पकड़ा गया है। सुरेश ढाका की तलाश जारी है।

राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में सरगना भूपेंद्र सारण को गुरुवार शाम को पकड़ लिया गया है। उस पर राजस्थान पुलिस की ओर से एक लाख रुपए का ईनाम रखा हुआ था। भूपेंद्र सारण की गिरफ्तारी बंगलूरु एयरपोर्ट से हुई है। इसे पकड़वाने में घी ने भी बड़ी भूमिका निभाई।
Recommended Video


जोधपुर ग्रामीण एसपी को मिला था सुराग
मीडिया से बातचीत में राजस्थान एटीएस-एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ ने बताया कि राजस्थान पेपर लीक प्रकरण के बाद से ही भूपेंद्र सारण व सुरेश ढाका की तलाश की जा रही थी। छह दिन पहले जोधपुर ग्रामीण एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने सारण के बेंगलूरु में होने की सूचना दी।

जोधपुर पुलिस की टीम गई बेंगलूरु
इस पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस डीएसटी प्रभारी एसआई लाखाराम, देवाराम व कांस्टेबल भवानी को एटीएस-एसओजी टीम के साथ उसी दिन विमान से बेंगलूरु रवाना किया गया। खबर थी कि भूपेंद्र सारण व सुरेश ढाका के लिए जोधपुर से घी व अन्य सामग्री 18 फरवरी को ट्रेन से बेंगलूरु भेजी गई है।

बेंगलूरु रेलवे स्टेशन पर बिछाया जाल
यह ट्रेन 19 फरवरी की रात 11 बजे बेंगलूरु रेलवे स्टेशन पहुंची। राजस्थान पुलिस ने आरोपी पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन पर जाल बिछा रखा था। ट्रेन में सरगना भूपेंद्र सारण व सुरेश ढाका की बजाय अन्य व्यक्ति पहुंचा। वह घी व अन्य सामग्री लेकर आया। वह आदमी बेंगलूरु रेलवे स्टेशन से रवाना हो गया।

घी वाले के घर तक पहुंची पुलिस
राजस्थान पुलिस की टीम उसका पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गई। वहां पर सरगना सुरेश ढाका व भूपेंद्र सारण नहीं मिले। इस पर पुलिस ने घर पर घी लेकर आने वाले हिरासत में लेकर पूछताछ कि तो वह शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा। फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया।

बेंगलूरु में करवाना चाहता था हवन
उसने पुलिस को बताया कि भूपेंद्र सारण गुरुवार को विमान में सवार होकर अहमदाबाद से बेंगलूरु आ रहा है। वह बेंगलूरु में हवन करवाना चाहता है। इस पर पुलिस ने बेंगलूरु एयरपोर्ट पर पहुंची और विमान से उतरते ही भूपेंद्र सारण को अरेस्ट कर लिया।

राजस्थान पेपर लीक प्रकरण क्या है?
24 दिसम्बर 2022 को उदयपुर पुलिस ने चलती बस में राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर पत्र सॉल्व करवाते एक गिरोह को पकड़ा था, जिसका सरगना सुरेश ढाका व भूपेंद्र सारण थे। पुलिस ने पेपर लीक प्रकरण में जालोर व जोधपुर के रहने वाले एक संस्था प्रधान, एमबीबीएस के दो स्टूडेंट, 45 परीक्षार्थियों व अन्रू को पकड़ा था।

भूपेंद्र सारण ने पेपर लीक करके कहां काट फरारी?
राजस्थान पुलिस की शुरुआत पूछताछ में आरोपी भूपेंद्र सारण ने बताया कि वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करवाने के बाद वह जयपुर होते हुए अहमदाबाद चला गया था। वहां करीब 25 दिन तक परिचत के घर रुका और फिर जालोर, बीकानेर व बाड़मेर में कई बार आया। आखिर में अहमदाबाद व बेंगलूरु में फरारी काटता रहा। पुलिस पूछताछ में भूपेंद्र सारण ने अभी सुरेश ढाका के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications