Rajasthan News: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की सचिन पायलट की तारीफ, सियासी गलियारों में चर्चा
राजस्थान में गहलोत पायलट के विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सचिन पायलट की तारीफ की है। इस दौरान शेखावत ने गहलोत पर जमकर निशाना साधा है।

Rajasthan News : राजस्थान के जोधपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की जमकर तारीफ की है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर दौरे के दौरान सचिन पायलट की तारीफ करते हुए सीएम गहलोत पर निशाना साधा है। शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के विचार सुनकर मेरे मन में सारी ग्रंथियां खुल गई है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने 5 साल मेहनत कर फिर से कांग्रेस को सत्ता दिलाई। पिछली बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 5 साल के शासन के बाद कांग्रेस सिर्फ 21 सीटों पर सिमट गई थी। तब पायलट ने हर गांव और कस्बे तक जाकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जान फूंकी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पायलट पर आरोप लगा रहे हैं। उस व्यक्ति के लिए मुख्यमंत्री के विचार सुनकर मेरे मन में सारी ग्रंथियां खुल गई है। जब उनकी अपनी पार्टी के नेता के बारे में ही वे ऐसे विचार रखते हैं तो मेरे और अमित शाह जी के प्रति उनका यह स्वभाव समझ में आता है।
बगावत के मामले पर बोले शेखावत कार्रवाई करें मुख्यमंत्री
केंद्र मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने धौलपुर में एक सरकारी कार्यक्रम में सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले विधायकों को कथित रूप से सरकार गिराने की नियत से लिया गया पैसा वापस लौटाने की अपील की। मुख्यमंत्री गहलोत ने जिस तरह अपने ही विधायकों के खिलाफ बयान दिया है। वह दुर्भाग्यपूर्ण है। शेखावत ने कहा कि यह मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री को प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की धारा पढ़नी चाहिए। यह धारा कहती है कि जिसने पैसा लिया वह प्रथम दृष्टया दोषी है। कानून भी यही कहता है कि यदि किसी को पता हो कि उसके साथ काम करने वाले भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। तो उसे कार्रवाई करनी पड़ेगी। यदि यह जानते हुए भी वह भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं कर पा रहा है तो वह भी दोषी है। मुख्यमंत्री को साफ करना चाहिए कि जब उन्हें पैसे के लेनदेन का पता चला तो उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की। यदि उनकी इस बात का कोई आधार ही नहीं है तो उन्हें जनता के बीच जाकर माफी मांगनी चाहिए।
गहलोत लगाते हैं शेखावत पर सरकार गिराने के षड्यंत्र का आरोप
राजनीति के जानकारों की मानें तो राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट द्वारा मिलीभगत कर राजस्थान की सरकार को गिराने का षड्यंत्र करने का आरोप लगाते हैं। मुख्यमंत्री ने इस बात को कई बार दोहराया है। उनका आरोप है कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ मिलकर सचिन पायलट ने 2020 में राजस्थान में गहलोत सरकार को गिराने की कोशिश की थी। इसी मामले को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बार-बार बयान बाजी करते रहते हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का सचिन पायलट की तारीफ किए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आएगा।












Click it and Unblock the Notifications