Rajasthan News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे उदयपुर, मेवाड़ से करेंगे चुनावी शंखनाद
Rajasthan News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को उदयपुर पहुंचे। शाह उदयपुर से राजस्थान में चुनावी शंखनाद करेंगे। उदयपुर के गांधी मैदान के भंडारी दर्शक मंडप में अमित शाह की जनसभा होनी है। इस सभा को संबोधित करने के लिए लिए अमित शाह उदयपुर पहुंचे हैं। अमित शाह के उदयपुर पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रभारी अरुण सिंह अनेक नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। पार्टी सूत्रों की मानें तो जनसभा में 50 हजार लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राजस्थान में केंद्रीय नेताओं के दौरे तेज हो गए हैं। अमित शाह के बाद 8 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी के बीकानेर आने का कार्यक्रम है। आपको बता दें 29 जून को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भरतपुर में एक सभा को संबोधित किया था। राजनीति के जानकारों के मुताबिक भाजपा राजस्थान में पीएम मोदी के चेहरे पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है। लेकिन बीजेपी गहलोत सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल पैदा नहीं कर पा रही है।
आदिवासी मतदाताओं को रिझाने की करेंगे कोशिश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेवाड़ के दौरे पर हैं। वे यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाह आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों के साथ एक बैठक भी करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दक्षिण राजस्थान के दौरे को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है। माना जा रहा है कि अमित शाह राजस्थान के विधानसभा चुनाव का बिगुल मेवाड़ की धरती से बजाएंगे। अमित शाह के दौरे को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी विजया रहाटकर पिछले कई दिनों से उदयपुर में दौरे की तैयारियों को लेकर डेरा डाले हुए हैं। शहर के गांधी ग्राउंड में केंद्र की मोदी सरकार के 9 साल का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित जनसभा को अमित शाह संबोधित करेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री साधेंगे गहलोत सरकार पर निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेवाड़ की धरती से आदिवासी मतदाताओं को साधने की कोशिश तो करेंगे ही। साथ ही शाह गहलोत सरकार को निशाने पर भी लेंगे। भाजपा नेताओं के मुताबिक पिछले साढ़े चार साल में राजस्थान में जंगलराज पनप गया है। जनता त्रस्त है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कन्हैयालाल के हत्यारों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग पर पलटवार करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि यह ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। 4 जुलाई को हाईकोर्ट में आरोप तय किए जाएंगे। भाजपा नेताओं ने कन्हैया लाल के हत्यारों को पकड़ने वालों को सुरक्षा नहीं मिलने पर सवाल खड़े किए।












Click it and Unblock the Notifications