Rajasthan News : पीएम मोदी 10 मई को राजस्थान दौरे पर, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी का ऐसे होगा शक्ति परीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को राजस्थान आ रहे हैं। पीएम मोदी नाथद्वारा में श्रीनाथ जी के दर्शन करने के बाद आबू रोड़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी अध्यक्ष सीपी जोशी के लिए उनका दौरा अहम माना जा रहा है।

Rajasthan News : राजस्थान में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पीएम मोदी का 10 मई को राजस्थान में पहला दौरा है। राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश में केंद्रीय नेताओं के दौरे शुरू हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाथद्वारा में श्रीनाथ जी के दर्शन करेंगे। इसके बाद आबू रोड़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा सीपी जोशी के लिए बड़ा अहम है। राजनीति के जानकार पीएम मोदी के इस दौरे को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रहे हैं। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह यह है कि जोशी के अध्यक्ष बनने के बाद पीएम मोदी का राजस्थान में पहला दौरा है। दूसरा कि पिछले साल के अंत में पीएम मोदी ने आबू रोड़ में जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा में भीड़ नहीं जुट पाने पर नाराजगी जाहिर की थी। वहीं सीपी जोशी की अभी तक संगठन पर इतनी प्रभावी पकड़ नहीं हो पाई है।
भीड़ नहीं जुटने से झेलनी पड़ी पीएम की नाराजगी
पीएम मोदी पिछले साल के अंत में गुजरात चुनाव के दौरान विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए माउंट आबू आए थे। इस दौरान पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया था। पीएम मोदी की जनसभा में भीड़ नहीं जुट पाई थी। इस पर पीएम मोदी बेहद नाराज हुए थे। उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। पूनिया को पीएम मोदी की नाराजगी झेलनी पड़ी थी। इसी तरह प्रदेश में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा के शुभारम्भ के मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा के जयपुर दौरे के दौरान भी जनसभा में कुर्सियां खाली नजर आई थी। नड्डा ने इस पर गहरी नाराजगी जताई थी। ऐसा ही एक बार फिर पीएम मोदी के दौसा दौरे के दौरान हुआ। यहां भी भाजपा नेताओं को भीड़ जुटाने के लिए काफी दिक्क्तों का सामना करना पड़ा था। हालांकि तब सतीश पूनिया पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। पार्टी सूत्रों की मानें तो सीपी जोशी के अध्यक्ष बनने के बाद पीएम मोदी का राजस्थान में पहला दौरा है। सीपी जोशी के सामने पीएम मोदी के दौरे को सफल बनाना बड़ी चुनौती है।
वरिष्ठ नेताओं द्वारा अध्यक्ष पर हावी होने की कोशिश
प्रदेश में राजनीति से जुड़े लोग बताते हैं कि पार्टी ने सीपी जोशी को प्रदेश अध्यक्ष तो बना दिया है। लेकिन सीपी जोशी अभी तक पार्टी के भीतर उतनी मजबूत पकड़ नहीं बना पाए हैं। पार्टी से जुड़े कई वरिष्ठ नेता उन पर हावी होने की कोशिश करते हैं। राजस्थान में सीएम पद को लेकर भाजपा के भीतर भारी गुटबाजी है। इसी के चलते पार्टी ने सीनियर नेता सीपी जोशी पर हावी रहने की कोशिश करते हैं। जानकार बताते हैं कि नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ अनुभवी नेता हैं। इसी आधार पर वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी पर हावी होने की कोशिश करते हैं। उपनेता प्रतिपक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया अध्यक्ष पद से हटाए जाने के फैसले को अभी तक स्वीकार नहीं कर पाए हैं। ऐसे में वे भी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी पर हावी रहने की कोशिश करते रहते हैं। अब प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के सामने पार्टी के सीनियर नेताओं को साधकर चलना भी बड़ी चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications