Rajasthan News: विधानसभा चुनाव से पहले धर्म की राह पर गहलोत सरकार, मंदिरों में फहराई गई पीली पताका
प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले गहलोत सरकार धर्म का रास्ता अपना रही है। गुरु-पुष्य संयोग के अवसर पर देवस्थान विभाग के अंतर्गत आने वाले प्रदेश के सभी मंदिरों में ओम लिखी पीली ध्वजा फहराई गई है।

Rajasthan News: राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले गहलोत सरकार धर्म का रास्ता अपना रही है। प्रदेश में गुरु-पुष्य संयोग के अवसर पर गुरुवार को देवस्थान विभाग के अंतर्गत आने वाले प्रदेश के सभी मंदिरों में ओम लिखी पीली ध्वजा फहराई गई। देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने हवामहल के पास कल्कि मंदिर में ध्वजा फहराई और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। देवस्थान मंत्री ने कहा कि पूरा विश्व कई वर्षों से कोरोना महामारी से त्रस्त रहा और आमजन को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गुरु-पुष्य संयोग के अवसर पर मंदिरों में पीली ध्वजाएं फहराने का उद्देश्य आमजन के सुख और स्वास्थ्य की मंगल कामना करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश में सामाजिक और धार्मिक समरसता को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान रावत ने कल्कि मंदिर में पूजा- अर्चना की और सभी आगंतुकों का माला पहना कर स्वागत किया। मंत्री रावत ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना के अंतर्गत यात्रियों की संख्या को बढ़ाकर 40 हजार किए जाने की घोषणा की क्रियान्विति के क्रम में 26 मई को एक बैठक उद्योग भवन में आयोजित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications