Rajasthan News : सचिन पायलट अजमेर से जयपुर के लिए पैदल रवाना, जानिए पैदल मार्च का पूरा कार्यक्रम
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट पेपर लीक और भ्रष्टाचार को लेकर अजमेर से जयपुर की जन संघर्ष यात्रा पर हैं। पायलट के साथ युवाओं और समर्थकों का काफिला जयपुर की और बढ़ रहा है।

Rajasthan News : राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने गुरुवार को अजमेर से अपनी जन संघर्ष यात्रा शुरू की। सचिन पायलट प्रदेश में पेपर लीक और भ्रष्टाचार को लेकर अजमेर से जयपुर तक 125 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। पायलट की इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में प्रदेश के युवा और छात्र साथ में मौजूद है। सचिन पायलट गुरुवार की सुबह रानीखेत एक्सप्रेस से अजमेर पहुंचे। सचिन पायलट ने अपने समर्थकों के साथ अजमेर में एक जनसभा करने के बाद पदयात्रा शुरू की। पायलट की अजमेर से जयपुर तक यह पदयात्रा पांच दिवसीय होगी।
भीषण गर्मी के बीच 42 डिग्री तापमान में पायलट कर रहे पदयात्रा
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट का मुख्यमंत्री पद को लेकर संघर्ष खड़ा और तेज होता जा रहा है। यही वजह है कि सचिन पायलट भीषण गर्मी में 42 डिग्री तापमान के बीच अजमेर से जयपुर तक की पदयात्रा कर रहे हैं। हालांकि पायलट समर्थकों में पूरा जोश और उत्साह बरकरार है। भीषण गर्मी के बावजूद सचिन पायलट का काफिला पैदल जयपुर की ओर बढ़ रहा है। पार्टी सूत्रों की माने तो अजमेर जाने से पहले प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से युवाओं ने लोगों को जोड़ा है। प्रदेश के युवाओं ने इस पद यात्रा को सफल बनाने के लिए बड़ी तैयारी की है।
अजमेर से लोकसभा सांसद रह चुके हैं सचिन पायलट
सचिन पायलट में इस पदयात्रा के लिए अजमेर को ही क्यों चुना। इसके पीछे दो बड़ी वजह है। एक तो सचिन पायलट अजमेर से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। सांसद रहने के दौरान एक केंद्रीय राज्य मंत्री भी थे। दूसरी वजह यह है कि आरपीएससी का मुख्यालय भी अजमेर में ही है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि पायलट पेपर लीक और भ्रष्टाचार को लेकर ही जन संघर्ष यात्रा पर हैं। पायलट के सांसद रहने के दौरान अजमेर शहर, किशनगढ़ और दूदू विधानसभा के अजमेर लोकसभा में आने से पायलट का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है। चर्चा है कि पायलट अपनी इस पांच दिवसीय यात्रा में प्रतिदिन 30 से 35 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय लोगों और युवाओं से बातचीत भी कर सकते हैं। इसके साथ ही पायलट रास्ते में पड़ने वाले गांव में ही रात्रि विश्राम कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications