Rajasthan News : मंत्रिपरिषद की बैठक में बोले सीएम गहलोत, कहा "महंगाई राहत कैंप में पात्र व्यक्ति को मिले लाभ"
राजस्थान में गहलोत सरकार के मंत्रिपरिषद की बैठक सीएमआर पर आयोजित हुई। सीएम गहलोत की अध्यक्षता में बैठक में महंगाई राहत कैंप को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

Rajasthan News : राजस्थान में गहलोत मंत्रिपरिषद की बैठक बुधवार को सीएमआर पर आयोजित हुई। गहलोत सरकार देश में बढ़ती महंगाई से प्रदेशवासियों को ससम्मान राहत दिलाने के लिए राजस्थान सरकार कृतसंकल्पित है। प्रदेश के हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का सुगमता से व सम्मानपूर्वक लाभ दिलाने के लिए 24 अप्रेल से महंगाई राहत कैंप आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर मंत्रिपरिषद की बैठक में महंगाई राहत कैंप को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्रिपरिषद ने एक राय में कहा कि कैंप आमजन और वंचित वर्ग को महंगाई की मार से उभारने में मददगार साबित होंगे। बैठक में बताया गया कि संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 30 जून तक प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड में 2-2 दिवसीय कैंप लगाए जाएंगे। इनमें पात्र लाभार्थियों को 10 योजनाओं में रजिस्ट्रेशन के बाद मौके पर ही गारंटी कार्ड, संशोधित स्वीकृति आदेश आदि उपलब्ध कराए जाएंगे। योजनाओं का लाभ लेने के लिए कैंपों में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है।
11283 ग्राम पंचायतों और 7500 शहरी वार्डों में कैंप
प्रशासन गांवों और शहरों के संग अभियान के प्रत्येक शिविर में महंगाई राहत कैंप के विशेष काउंटर लगाएं जाएंगे। गांवों के संग अभियान के तहत 11283 ग्राम पंचायतों और शहरों के संग अभियान के तहत 7500 वार्डों में वार्डवार शिविरों में कैंप लगेंगे। इनके अतिरिक्त 2000 स्थाई महंगाई राहत कैंप भी लगेंगे। ये कैंप जिला प्रशासन द्वारा राजकीय अस्पताल, गैस एजेंसी, बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, शॉपिंग मॉल्स, रेलवे स्टेशन, जिला कलेक्ट्रेट, पंचायत समिति, नगरपालिका व अन्य राजकीय कार्यालय/सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे।
कैंप का मुख्य उद्देश्य
आमजन को उनके अधिकारों, जनहितैषी योजनाओं और उनकी पात्रता की सम्पूर्ण जानकारी देकर जागरूक करने के साथ उन्हें सशक्त बनाना मुख्य उद्देश्य है। इनकी विशेषता है कि किसी भी जिले का व्यक्ति अन्य जिलों के शिविरों में भी जनाधार के जरिए पंजीकरण करा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications