Rajasthan के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने खोला गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा, कहा-तीनों नेताओं को बर्खास्त करे पार्टी
Rajasthan में गहलोत सरकार के ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने सीएम अशोक गहलोत और उनके समर्थकों के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया है। गुढा ने कांग्रेस हाईकमान से राजस्थान का मुख्यमंत्री बदलने का फैसला करने के लिए जल्द विधायक दल की बैठक बुलाने की मांग की है। वहीं गुढा ने राजस्थान में सियासी बवाल के जिम्मेदार मंत्री शांति धारीवाल महेश जोशी और आरटीडीसी के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ को उनके पदों से बर्खास्त करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक-दो दिन में राजस्थान का सीएम का फैसला करने की बात कही थी। दूसरा शांति धारीवाल, महेश जोशी और धर्मेंद्र राठौड़ को नोटिस दिए गए थे। इस मामले को एक महीने से भी ज्यादा का समय निकल गया है। उस समय फिर से कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाने की बात कही गई थी। जो अभी तक नहीं बुलाई गई है। मेरा तो यही कहना है कि आलाकमान की विश्वसनीयता का सवाल है। जिस तरह की बातें हुई थी कि कांग्रेस जल्दी से विधायक दल की बैठक बुलाकर सीएम का फैसला करें और जल्दी तीनों नेताओं पर फैसला करें।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजस्थान के सीएम का फैसला कर संदेश दें
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि केसी वेणुगोपाल ने उस समय राजस्थान के मुख्यमंत्री का फैसला एक-दो दिन में करने की बात कही थी। वह फैसला जल्द किया जाए। जिससे गुजरात और हिमाचल के चुनाव में पार्टी को इसका फायदा मिल सके। दोनों जगह कांग्रेस अच्छी पोजीशन में है। चाहे मंत्री हो, ब्यूरोक्रेसी हो, सब जगह सीएम पद को लेकर चर्चा हो रही है। इसमें जल्दी फैसला करना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे हमारे नए अध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने काम संभाल लिया है। वह यहां पर्यवेक्षक बनकर आए थे। उन्होंने सारी चीजें देखी है। अब उसके बाद उन्हें यह मैसेज देना चाहिए कि पार्टी डिसीजन कर रही है। इससे कांग्रेस को फायदा होगा।

अनुशासनहीनता करने वाले तीनों नेताओं को बर्खास्त करें पार्टी
गुढ़ा ने कहा कि अनुशासनहीनता का नोटिस मिलने वाले तीनों नेता पार्टी के कटघरे में हैं। पार्टी इन्हें बरी करती है। सजा देती है, सस्पेंड करती है, बर्खास्त करती है या इन्हें पार्टी से निकाला जाता है। यह फैसला हाईकमान को करना है। मेरे हिसाब से इन को बर्खास्त कर देना चाहिए। अगर मुझे फैसला करना हो तो मैं ऐसे लोगों को बर्खास्त करूंगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री पद को लेकर लोग दुविधा में
राजेंद्र सिंह गुढा ने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस बहुत बढ़िया स्थिति में हैं। अगर हम दिल्ली में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाकर सीएम पर फैसला करते हैं तो पार्टी को फायदा होगा। अभी सीएम पद को लेकर लोग दुविधा में बैठे हैं। यह स्थिति राजस्थान की जनता के हित में नहीं है। सीएम अशोक गहलोत के अगले बजट पेश करने की तैयारियों के सियासी संकेत पर गुढ़ा ने कहा कि सीएम दिल्ली में अपनी बात कह चुके हैं। अब सीएम को लेकर फैसला होना है। यह फैसला जल्द से जल्द कर देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications