Rajasthan Lok sabha Chunav Result 2024: जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह जीते, चौपड़ा समर्थक बैठे धरने पर
Rajasthan Lok sabha Chunav Result 2024: जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर कड़े मुकाबले के बाद भाजपा प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह ने करीब 1615 मतों से चुनाव जीत लिया है। इस सीट पर विवाद होने की वजह से चुनाव परिणाम देरी से आए। राव राजेंद्र सिंह ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चौपड़ा को चुनाव हार दिया है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने की दोबारा काउंटिंग की मांग
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चौपड़ा ने पोस्टल बैलट मतों में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए दोबारा काउंटिंग की मांग की। लेकिन उनकी मांग को खारिज कर दिया गया। केवल आंकड़ों को दोबारा से जोड़ा गया था। इस पर अनिल चौपड़ा ने रिटर्निग ऑफिसर के कमरे में धरना दे दिया। राव राजेंद्र सिंह को विजयी घोषित करने के बाद चौपड़ा मतगणना केंद्र के बाहर आ गए।

कॉमर्स कॉलेज के बाहर जुटे समर्थक
जयपुर ग्रामीण सीट की मतगणना से उपजे विवाद के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चौपड़ा के समर्थक मतगणना स्थल कॉमर्स कॉलेज के बाहर जुटना शुरू हो गए। इसे देख प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मतगणना स्थल पर पहुंच गए।
समर्थकों को किया संबोधित
मतगणना केंद्र के बाहर कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चौपड़ा ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने समर्थकों से संयम बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमें जनता ने आशीर्वाद दिया है। जिसके कारण हमें 6 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं। हमें यह परिणाम एक प्रतिशत भी स्वीकार नहीं है। प्रशासन ने जिस तरह हमारे साथ कुठाराघात किया है। 4 घंटे तक इन लोगों ने आपस में कानाफूसी करके इस चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का काम किया है।
कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच बहसबाजी
मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और शाहपुरा विधायक मनीष यादव मतगणना स्थल पर पहुंचे। लेकिन पुलिस ने दोनों को अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक जेएलएन मार्ग पर प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया, रामनिवास गावड़िया और विद्याधर चौधरी भी कॉमर्स कॉलेज पहुंच गए। यहां एंट्री को लेकर उनकी पुलिस से बहस हुई। कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि वह भी कॉमर्स कॉलेज पहुंच रहे हैं।
जयपुर शहर के विधानसभा क्षेत्रों से मिली बढ़त
भाजपा प्रत्याशी राम राजेंद्र सिंह को जयपुर शहर के दो विधानसभा क्षेत्र से बढ़त मिली है। इसमें झोटवाड़ा और फुलेरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को बढ़त मिली। जबकि अनिल चोपड़ा को विराट नगर, कोटपूतली, आमेर, शाहपुरा, जमवारामगढ़ और बानसूर विधानसभा क्षेत्र में बढ़त मिली है।
पूर्व सीएम गहलोत और सचिन पायलट ने की पुनर्मतगणना की मांग
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी कूद गए। दोनों नेताओं ने ट्वीट कर प्रशासन पर दबाव में कार्य करने का आरोप लगाते हुए पुनर्मतगणना की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications