Rajasthan Election 2023: मतदान के बाद इष्ट की शरण में वसुंधरा राजे, अशोक गहलोत कर रहे तेलंगाना में प्रचार
Rajasthan Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गए हैं। मतदान के बाद नेता रिलैक्स मूड में नजर आ रहे हैं। जनता दरबार में हाजिरी लगाने के बाद अब नेता अपने इष्ट की शरण में पहुंच गए हैं। विधानसभा चुनाव के ज्यादातर प्रत्याशियों ने मतदान के बाद अपने आराध्य देव के मंदिर में जाकर दर्शन और पूजा अर्चना की है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बांसवाड़ा स्थित शक्तिपीठ त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर प्रदेश के कल्याण और समृद्धि की कामना की है। मतदान की थकान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चेहरे पर नहीं दिख रही है। जयपुर में एक दिन आराम करने के बाद सीएम गहलोत तेलंगाना में चुनाव प्रचार के लिए दौरे पर हैं।
मंदिर-मंदिर घूम रही वसुंधरा राजे
राजस्थान में मतदान के बाद वसुंधरा राजे मंदिरों के दर्शन करने में व्यस्त है। वसुंधरा राजे ने प्रतापगढ़ के अरनोद स्थित प्राचीन मंदिर गोतमेश्वर महादेव पहुंचकर दर्शन और पूजन किया। इसके बाद वसुंधरा राजे त्रिपुरा सुंदरी पहुंची। राजनीति के जानकार कहते हैं कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं। अब चुनाव परिणाम आने हैं। वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री पद की प्रबल दावेदार है। ऐसे में वे किसी उम्मीद के साथ मंदिरों में दर्शन कर पूजा अर्चना कर रही है।

गहलोत तेलंगाना और पायलट दिल्ली में
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चेहरे पर चुनाव की थकान नजर नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मतदान के बाद एक दिन जयपुर में ही सीएम आवास पर आराम किया। स्वास्थ्य बेहतर करने के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तेलंगाना में चुनाव प्रचार करने पहुंच गए। चर्चा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तेलंगाना से आज शाम उदयपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होंगे। वहीं डिप्टी सीएम सचिन पायलट प्रदेश में मतदान थमने के बाद दिल्ली में आराम कर रहे हैं। सचिन पायलट टोंक विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। आपको बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गए हैं। मतगणना 3 दिसंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications