राजस्थान: सिरोही में मीणा समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए सीएम गहलोत, बजट घोषणाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सिरोही जिले में मारवाड़ मीणा समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान सीएम गहलोत ने बजट घोषणाओं की जानकारी देते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसकी जानकारी देने की अपील की।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सिरोही जिले के गौतम ऋषि मंदिर प्रांगण में मारवाड़ मीणा समाज के महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।सम्मेलन में सीएम गहलोत ने कहा कि मीणा समाज द्वारा ज्ञापन के जरिए बताई गई मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेशवासियों को 100 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। साथ ही 500 रुपए में गैस सिलेंडर भी दिया जाएगा।

सरकार ने रखा हर वर्ग का ध्यान
सीएम गहलोत ने कहा कि सरकार ने इस बार हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया है। इसके अलावा सीएम गहलोत ने राजस्थान सरकार की चिरंजीवी सहित अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कारण देश भर में महंगाई बढ़ी है। लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है।
बजट घोषणाओं को आमजन तक पहुंचाने की अपील
सीएम गहलोत ने सम्मेलन में मौजूद लोगों को प्रदेश सरकार के बजट की घोषणाओं को आमजन तक पहुंचाने की भी अपील की। ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। महासम्मेलन में सीएम के अलावा उनके सलाहकार संयम लोढ़ा, प्रभारी मंत्री महेंद्र चौधरी सहित अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications