राजस्थान: पीजी में क्रमोन्नत होने पर छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जताया आभार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को विधानसभा में बजट बहस के जवाब में फतेहपुर की कृषि कॉलेज को पीजी में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है।
प्रदेश में कृषि महाविद्यालय फतेहपुर के प्रोफेसर शीशराम ढाका ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कृषि महाविद्यालय फतेहपुर को पीजी कोर्स की सौगात मिली है। जो कि इस महाविद्यालय के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा का शोध करवाना भी एक चुनौतीपूर्ण रहेगा। जिसके लिए महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण पूर्ण रूप से तैयार हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को विधानसभा में बजट बहस के जवाब में फतेहपुर की कृषि कॉलेज को पीजी में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है। पीजी में क्रमोन्नत होने की घोषणा होने पर कॉलेज में विद्यार्थियों और फैकल्टी में उत्साह देखने को मिला।

सीएम गहलोत का जताया आभार
इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय स्टाफ ने फतेहपुर विधायक हाकम अली खान और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर के मुताबिक फतेहपुर कृषि कॉलेज में कुल 250 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। लेकिन पहले पीजी की पढ़ाई करने के लिए शेखावाटी के छात्र-छात्राओं को बहुत दूर जाना पड़ता था। जिससे छात्र-छात्राओं को असुविधा का सामना भी करना पड़ रहा था। पहले पीजी की पढ़ाई करने के लिए बीकानेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और जोबनेर कृषि महाविद्यालय जाना पड़ रहा था। लेकिन अब शेखावाटी के बच्चों को फतेहपुर में ही पीजी की पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व इस कृषि महाविद्यालय को डिस्ट्रिक्ट ग्रीन चौंपियन, बेस्ट कॉलेज अवार्ड से नवाजा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications