Rajasthan के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बच्चों के साथ ऐसे मनाई दिवाली, इस अंदाज में नजर आए सीएम
Rajasthan के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोविड-19 में माता-पिता को खोने वाले प्रदेश भर के 200 से ज्यादा बच्चों के साथ शुक्रवार को आत्मीय संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने बच्चों को सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए खूब पढ़ाई में मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार हर घड़ी में आपके साथ खड़ी है।

सीएम गहलोत ने किया बच्चों को दुलार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बच्चों से खूब लाड प्यार भी किया। इस दौरान वह कभी किसी बच्चे के मुंह में मां की तरह दुलार के साथ निवाला देते दिखाई दिए तो कभी बच्चों के साथ पिता की तरह साया बनकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते नजर आए। इस दौरान बच्चे सारे गम भूल कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ उनके आवास पर दीपावली की खुशियां मनाते नजर आए। दीपावली सेलिब्रेशन में बच्चों के चेहरे पर खुशियां देखकर कार्यक्रम में मौजूद सीएम सहित हर कोई प्रफुल्लित नजर आ रहा था। वही इन खुशियों के पीछे छिपा दर्द हर किसी को पीड़ा दे रहा था। इस दर्द को वहां मौजूद सीएम सहित हर व्यक्ति छिपाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन आंखों में भरे आंसू सारी कहानी बयां कर रहे थे।

कोरोना सहायता योजना से मिला संबल
कोविड-19 महामारी के कारण राज्य सरकार ने अनाथ हुए बच्चों विधवाओं एवं उनके बच्चों को आर्थिक सामाजिक एवं शैक्षणिक संबल प्रदान करने के लिए संवेदनशीलता दर्शाते हुए मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना की घोषणा की थी। जिसे 25 जून 2021 से संपूर्ण प्रदेश में लागू किया गया। योजना के तहत प्रत्येक अनाथ बालक बालिकाओं को तात्कालिक सहायता के रूप में एक लाख रुपए की एकमुश्त व अन्य सहायता राशि तथा उसकी 18 वर्ष की आयु होने पर 5 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि दी गई है। विधवा महिलाओं को एक लाख रुपए की तात्कालिक सहायता के साथ ही 1500 रुपए प्रति माह पेंशन दी जा रही है।

अधिकारियों को दिए बच्चों के जन आधार कार्ड बनाने के निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बच्चों से संवाद कर उनके बारे में जानकारी ली बच्चों ने अनुभव साझा करते हुए राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सहायता के लिए आभार व्यक्त किया इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाथ हुए बच्चों के जन आधार कार्ड नए सिरे से बनाए जाएं।












Click it and Unblock the Notifications