Rajasthan Assembly Elections 2023: विधानसभा चुनाव के मतदान में सेल्फी पॉइंट की चर्चा, यूजर्स ने शेयर किए फोटो
Rajasthan Assembly Elections 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए चल रहा मतदान थम गया है। प्रदेश में शाम 5:30 तक अनुमानित 68.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। लोगों ने उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्वक तरीके से मतदान किया है। मतदान के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा मतदान केंद्रों पर निर्वाचन विभाग द्वारा बनाए गए सेल्फी पॉइंट की रही है। निर्वाचन विभाग द्वारा कई मतदान केंद्रों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे। जिन पर स्थानीय कलाकृति का चित्रण करते हुए सेल्फी लेने की व्यवस्था की गई थी। इसे लेकर मतदाताओं में बेहद दिलचस्पी रही। मतदाताओं ने मतदान करने के बाद सेल्फी पॉइंट पर जाकर अपनी सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर वोट डालने के संदेश के साथ शेयर किया।
सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रही तस्वीरें
मतदान केंद्रों पर मतदान के बाद सेल्फी पॉइंट पर जाकर लोगों ने सेल्फी ली। कई मतदाता परिवार और छोटे बच्चों के साथ मतदान करने पहुंचे। उन्होंने भी सेल्फी पॉइंट पर जाकर परिवार और बच्चों के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की है। इस दौरान मतदाताओं ने आमजन से मतदान की अपील भी की है।

युवाओं में दिखा सेल्फी पॉइंट का चलन
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं में दिखाई दिया। युवाओं ने मतदान प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सेल्फी पॉइंट को लेकर युवाओं में खासी उत्सुता देखी गई। युवक-युवतियां मतदान केंद्रों पर सेल्फी पॉइंट पर जाकर सेल्फी लेते नजर आए। आपको बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications