MLA मुकेश भाकर का ट्वीट, लिखा-'कांग्रेस में निष्ठा का मतलब अशोक गहलोत की गुलामी, वो हमें मंजूर नहीं'
जयपुर। राजस्थान में सियासी उठा-पठक के बीच सोशल मीडिया के जरिए भी वार किया जा रहा है। राजस्थान कांग्रेस के एक विधायक ने चौंकाने वाला ट्वीट किया है। राजस्थान के नागौर जिले के लाडनूं से विधायक व यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मुकेश भाकर ने बगावती तेवर दिखाते हुए उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के समर्थन में एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि 'जिंदा हो तो जिंदा नजर आना जरूरी है, उसूलों पर आंच आए तो टकराना जरूरी हैं। कांग्रेस का निष्ठा का मतलब है अशोक गहलोत की गुलामी। वो हमें मंजूर नहीं।'

बता दें कि राजस्थान में विधायकों की खरीद फरोख्त की कथित कोशिशों के बीच एसओजी व एसीबी में मामला दर्ज होने और फिर उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को पूछताछ के लिए एसओजी का नोटिस मिलने के बाद से राजस्थान की राजनीति में भूचाल आ गया। सचिन पायलट नाराज होकर दिल्ली चले आए। अपने समर्थक विधायकों को भी एक होटल में ठहरा दिया। उसके बाद से सचिन पायलट व उनके समर्थक विधायकों के बगावती देखने को मिल रहे हैं। गहलोत सरकार के अल्पमत में होने का दावा किया जाने लगा।
इधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस आलाकमान भी राजस्थान सरकार को बचाने के लिए तुरंत सक्रिय हो गया। दिल्ली से रणदीप सुरजेवाला और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांड जयपुर पहुंचे। सोमवार को मुख्यमंत्री के निवास पर विधायक दल की बैठक भी हुई, जिसमें 107 विधायकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। खुद सचिन पायलट समेत और उनके समर्थक कहे जाने वाले 16 विधायक नहीं आए।












Click it and Unblock the Notifications