राजस्थान : कोरोना के 4 नए मामले सामने आए, भीलवाड़ा के दो चिकित्साकर्मी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
जयपुर। दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। 25 मार्च 2020 तक भारत में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 562 तक पहुंच गई है। नौ मरीजों की मौत भी हो चुकी है और 41 मरीज ठीक हो गए हैं। 24 मार्च की रात से पूरे देश में 21 दिन के लिए लॉक डाउन है। बात अगर राजस्थान की करें तो यहां भी स्थिति अच्छी नहीं है। बुधवार को राजस्थान में कोरोना पॉजिटिव के चार नए केस सामने आए हैं। ऐसे में राजस्थान में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 36 हो चुकी है।

भीलवाड़ा की स्थिति सबसे खराब
पूरे राजस्थान में कोरोना के मामले में सबसे ज्यादा खराब स्थिति भीलवाड़ा की है। कुल 36 में से 16 मामले अकेले भीलवाड़ा जिले से हैं। इनके अलावा झुंझुनूं में चार, जयपुर में आठ, जोधपुर में चार, प्रतापगढ़ में दो और पाली व सीकर में एक-एक केस सामने आए हैं।

भीलवाड़ा मेडिकल स्टाफ की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से खबर है कि बुधवार को राजस्थान में कोरोना वायरस के जो चार पॉजिटिव केस सामने आए हैं, उनमें से दो केस भीलवाड़ा मेडिकल स्टाफ के हैं। दो अन्य जगहों के हैं।

सांगानेर एयरपोर्ट बंद, उड़ानें रद्द
पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा 24 मार्च की रात 12 बजे से देशभर में लॉक डाउन की घोषणा किए जाने के बाद जयपुर स्थित सांगानेर एयरपोर्ट भी बंद कर दिया गया। यहां से उड़ान भरने वाली सभी 57 फ्लाइट्स रद्द कर दिया गया है। अन्य शहरों से वाया जयपुर होकर आने वाली 25 फ्लाइट्स भी यहां नहीं आ सकेंगी।












Click it and Unblock the Notifications