4 माह की बच्ची ने बचा ली परिवार के 5 लोगों की जान, जानिए कैसे?
जयपुर। महज चार माह की एक बच्ची ने परिवार के 5 लोगों को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया। बात भले ही गले नहीं उतर रही हो, मगर जयपुर के राजेंद्र मार्ग निवासी भरतभूषण के परिवार का तो यही मानना है कि वे आज सही सलामत हैं तो इसकी वजह चार माह की बच्ची है।

दरअसल, हुआ यह था कि रविवार रात को भरतभूषण का पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। इन दिनों भरतभूषण की चार माह की दोहिती (नाती) भी अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। वह रात करीब ढाई बजे अचानक रोने लगी। तब उसकी मां उसे दूध पिलाने के लिए जगी तो उसने देखा कि कमरा धुएं से भरा हुआ था।

एक बारगी तो माजरा कुछ समझ नहीं आया। फिर उसने देखा कि कूलर के पास रखा सौफा, फर्नीचर, पर्दे व अन्य सामान जल रहा है। इसी वजह से कमरा धुएं से भर गया और दम सा घुटना शुरू हो गया। वह शोर मचाने लगी तो घर में सो रहे भरतभूषण, उसकी पत्नी और बेटा-बहू भी जग गए। सतर्कता दिखाते हुए सभी तुरंत घर से बाहर निकल आए और दमकल को इत्तला दी। सूचना पाकर पहुंची दमकल ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह कूलर के तार में शॉट सर्किट माना जा रहा है।
दोहिती की वजह से बची जान
भरतभूषण का कहना है कि उसकी दोहिती परिवार के लिए भाग्यशाली है। बीती रात पूरे परिवार की जान उसी की वजह से बच पाई है। वह भूख लगने पर जगी। उसी के बाद परिवार के अन्य सदस्य जग पाए और आग व धुएं से सुरक्षित बच सके।
-बच्ची की तस्वीर प्रतिकात्मक












Click it and Unblock the Notifications