वसुंधरा समर्थक पूर्व मंत्री कालीचरण सर्राफ ने सचिन पायलट को दिया भाजपा में आने का न्यौता, सर्राफ ने कही यह बात
जयपुर, 3 अक्टूबर। राजस्थान कांग्रेस में चल रहे सियासी संकट के बीच भाजपा के पूर्व मंत्री कालीचरण सर्राफ ने सचिन पायलट को भाजपा में शामिल होने का न्यौता दिया है। पायलट के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर सर्राफ ने कहा कि हमारे द्वार हरदम खुले हैं। यदि कांग्रेस की सरकार गिरती है और कोई सरकार को गिराने में बीजेपी की मदद करता है तो हम उसका पूरा सहयोग करेंगे। भाजपा का ना तो पहले के घटनाक्रम में कोई रोल था और ना ही इस घटनाक्रम में पार्टी का कोई रोल है। यह कांग्रेस का अंदरूनी मसला है। लेकिन अगर घर बैठे लक्ष्मी आए तो उसे ठुकराना नहीं चाहिए। कालीचरण सर्राफ मालवीय नगर से विधायक हैं और वसुंधरा राजे की सरकार में चिकित्सा मंत्री रह चुके हैं। सर्राफ ने कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है। जो भी इस में बैठा है। वह अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भाग रहा है। जनता इस बात का इंतजार कर रही है कि यह जहाज इस महीने डूबता है या 2 महीने में या 6 महीने में डूबेगा।

पायलट की पहले भी तारीफ कर चुके हैं सर्राफ
कालीचरण सर्राफ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी नेताओं में शुमार माने जाते हैं। प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री यह बयान मौजूदा सियासत में काफी मायने रखता है। भाजपा कांग्रेस की खींचतान पर कुछ भी खुलकर नहीं बोल रही है। लेकिन सर आपने पायलट को लेकर यह बयान देकर गुटबाजी को हवा दे दी है। सर्राफ पहले भी कई बार पायलट की तारीफ कर चुके हैं। माना जा रहा है कि भाजपा एक बार फिर सचिन पायलट पर डोरे डाल रही है। हालांकि वसुंधरा कैम्प नहीं चाहता कि पायलट भाजपा में शामिल हो। लेकिन प्रदेश में जिस तरह के सियासी समीकरण बन रहे हैं। उसमें किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

दिल्ली में पायलट के करीबी भाजपा नेताओं के संपर्क में
हालांकि कांग्रेस से बगावत कर चुके सचिन पायलट फिर से पार्टी में शामिल होकर अनुशासित नेता जैसा बर्ताव कर रहे हैं। लेकिन हाल ही में राजस्थान में हुए सियासी घटनाक्रम के बाद पायलट के भाजपा में शामिल होने की संभावना को फिर से जोर मिल गया है। सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि दिल्ली में पायलट के कुछ करीबी मित्र भाजपा के नेताओं के संपर्क में हैं। पायलट के धैर्य की तारीफ खुद राहुल गांधी कर चुके हैं। मौजूदा सियासी वातावरण में इस बात की भी पूरी चर्चा है कि राहुल गांधी खुद चाहते हैं कि सचिन पायलट राजस्थान के मुख्यमंत्री बने।













Click it and Unblock the Notifications