Fire in Jaipur : एक तरफ इंदिरा बाजार की दुकानें जलीं, दूसरी ओर शाही शादी टैंट हुआ राख
जयपुर। राजस्थान के जयपुर में आगजनी की शनिवार को दो घटनाएं हुई हैं। एक जयपुर परकोटा में इंदिरा बाजार और दूसरी गांव मुण्डोता में। इंदिरा बाजार में पटाखों की दुकान में आग लगने से आस-पास की कई दुकानें और वाहन चपेट में आ गए। वहीं, गांव मुण्डोता में शाही शादी के लिए लगाया टैंट जलकर राख हो गया। आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई और मेहमान बड़ी मुश्किल से जान बचाकर निकल पाए। आगे की चपेट में आने से एक महिला के झुलसने की खबर है।

पुलिस के अनुसार मुण्डोता फोर्ट होटल के पास खाली जगह पर दिल्ली की एक पार्टी के शादी समारोह के लिए मेहमानों के ठहरने के लिए जैसलमेर के सम की तर्ज पर टैंट लगाया गया था। शनिवार दोपहर को टैंट में अचानक भीषण आग लग गई, देखते ही देखते सभी टैंट रूम आग की चपेट में आ गए।

लपटों व धुएं को देखकर यहां के कर्मचारियों व आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका और टैंट रूम व रखा सामान व राख हो गया।
कालवाड़ थाने के धर्मेंन्द्र यादव ने बताया कि मुण्डोता फोर्ट के पास शादी के लिए लगाए गए टैंट में शार्ट सर्किट से आग लगी है। यहां टैंट जैसलमेर के सम की तरह लगाए हुए थे। इस संबंध में कालवाड़ थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
सूचना पर झोटवाड़ा फायर स्टेशन से सुरेन्द्र चौधरी व हिम्मत कंवर दमकल के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का सामान व टैंट जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से लता झुलस कर घायल हो गई। पुलिस ने आग में हुए नुकसान का जायजा लिया।












Click it and Unblock the Notifications