Corona Rajasthan : एक ही दिन में Covid-19 के 300 नए मामले सामने आए, 3 मरीजों की मौत
जयपुर, 3 अगस्त। राजस्थान में मानसून की झमाझम बारिश के साथ ही कोरोना वायरस फिर से दबे पांव दस्तक दे रहा है। एक तरफ मौसमी बीमारियां तो दूसरी ओर लोगों को कोविड-19 वायरस घेर रहा है। मंगलवार को तो पूरे प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 300 नए मामले में सामने आए हैं। कोरोना की वजह से तीन मरीजों की मौत की भी पुष्टि हुई है। ऐसे में अब राजस्थान में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर दो हजार के पार पहुंच गई है।

बता दें कि दो अगस्त को सबसे ज्यादा 106 केस अकेले जयपुर में सामने आए हैं। श्रीगंगानगर में दो व कोटा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अन्य जिलों में भी कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बात अगर जुलाई माह की करें तो इसमें कोरोना के कारण 14 लोगों की मौत हुई थी और कुल 5 हजार 748 लोग कोरोना से संक्रमित हुए थे।
न्यूज 18 की खबर के अनुसार राजस्थान में मंगलवार को सामने आए 300 नए मामलों में अजमेर में 2, अलवर में 27, बांसवाड़ा में 1, बाड़मेर में 5, भरतपुर में 1, भीलवाड़ा में 12, बीकानेर में 24, चूरू में 9, दौसा में 19, डूंगरपुर में 1, जैसलमेर में 15, जालोर में 6, झालावाड़ में 4, जोधपुर में 16, कोटा में 7, नागौर में 11, प्रतापगढ़ में 5, राजसमंद में 5, सीकर में 4, सिरोही में 1, टोंक में 3 और उदयपुर में 16 मरीज शामिल है।
राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा सांगानेर इलाका प्रभावित है। यहां 13 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, जयपुर के मालवीय नगर में 9 केस मिले हैं। इससे पहले सोमवार को पूरे प्रदेश में 298 मामले सामने आए थे और दो लोगों की मौत हुई थी। दिनोंदिन कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications