CM अशोक गहलोत बोले- नवनियुक्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहले भाषण में हर शब्द का एक अर्थ था
जयपुर, 25 जुलाई। देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को शपथ ली। उनको भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने पद की शपथ दिलाई। द्रौपदी मुर्मू आदिवासी महिला के रूप में पहली और बतौर महिला दूसरी राष्ट्रपति हैं। उन्होंने राम नाथ कोविंद का स्थान लिया, जिनका कार्यकाल भारत के 14वें राष्ट्रपति के रूप में रविवार को समाप्त हो गया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नवनियुक्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहले भाषण की प्रशंसा की। गहलोत ने कहा कि उनके भाषण में हर शब्द का एक अर्थ था। मैं बहुत प्रभावित हूं। एक आदिवासी महिला द्वारा व्यक्त विचार सराहनीय हैं। मुझे उम्मीद है कि वह आज राष्ट्र के प्रति किए गए अपने वादे को पूरा करेंगीं।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद अपने पहले भाषण में राष्ट्रपति ने कि कहा कि राष्ट्रपति पद पर उनका उत्थान न केवल उनकी अपनी बल्कि देश के हर गरीब की उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के वंचित, गरीब, दलित और आदिवासी उनमें अपना प्रतिबिंब देख सकते हैं, जो उनके लिए बड़े संतोष की बात है।
उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे लोकतंत्र की शक्ति है कि एक गरीब घर में पैदा हुई बेटी, एक दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र में पैदा हुई बेटी, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकती है। मुर्मू ने कहा कि दुनिया के कल्याण की भावना के साथ, मैं हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने के लिए तैयार रहूंगी।
उन्होंने सभी देशवासियों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को भरोसा दिलाया कि इस पद पर काम करते हुए उनका हित सर्वोपरि रहेगा। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति कोविंद जनपथ रोड स्थित अपने नए आवास में चले गए हैं। इसी आवास में कभी पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान रहते थे।












Click it and Unblock the Notifications