IT रेड में जयपुर-कोटा के कारोबारियों के पास 70 करोड़ की काली कमाई मिली, 24 लॉकर भी उगलेंगे राज
जयपुर, 5 अगस्त। राजस्थान में ज्वेलरी, होटल, रियल एस्टेट, कंस्ट्रक्शन, हॉर्टिकल्चर कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है। इनके 24 लॉकर मिले हैं। साथ ही 70 करोड़ की काली कमाई भी उजागर हुई है। बुधवार से शुरू हुई कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। शनिवार-रविवार तक यह कार्रवाई चल सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ग्रुप 36 से ज्यादा रेजिडेंशियल और कॉमर्शियल प्रोजेक्ट्स पर 8 लाख स्क्वायर फीट में काम कर चुका है। करीब 12 लाख स्क्वॉयर फीट के प्रोजेक्ट्स पर डेवलपमेंट वर्क जारी है। साथ ही अगले 7-8 साल में 50 लाख वर्गफीट के प्रोजेक्ट्स पर ग्रुप काम करने की प्लानिंग रखता है।
मीडिया से बातचीत में आयकर विभाग के अफसरों ने बताया कि आशीष ग्रुप कोटा और जयपुर में कई मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाकर फ्लैट बेचने के कारोबार से जुड़ा है। जमीनों की खरीद और फ्लैट बेचने में गड़बड़ी, कई जगह इंस्वेस्टमेंट,ऑनलाइन मनी ट्रांसफर के साथ ही पैसा इधर से उधर करने, टैक्स चोरी की जानकारी IT विभाग को लगी है।
लेजर बुक्स और खातों से इनका मिलान कर जांच-पड़ताल की जा रही है। इन कारोबारियों के यहां काम करने वाले मैनेजर, स्टाफ कर्मचारियों से भी पूछताछ चल रही है। सभी के फोन बंद करवाकर रखे गए हैं। जयपुर और कोटा में 37 ठिकानों के अलावा मुंबई और दिल्ली में भी कुछ ठिकानों की जानकारी इनकम टैक्स अफसरों को लगी है, जिस पर एक्सरसाइज शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के हवाले से ये भी खबर है कि आलोक कोटावाला, प्रमोद कोटावाला, आशीष अग्रवाल, कमलेश जैन, भीमाराम पन्नालाल और इनके करीबियों के 37 ठिकानों पर छापेमारी में बड़ी टैक्स चोरी उजागर हो सकती है। 200 से ज्यादा इनकम टैक्स और पुलिस कर्मचारी-अधिकारी रेड में शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications