BFA के CEO सुरेंद्रसिंह राठौड़ के घर से राजस्थान ACB के इतिहास की सबसे बड़ी रिकवरी, हर माह 2 करोड़ की घूस
BFA के CEO सुरेंद्र सिंह राठौड़ के घर से राजस्थान ACB के इतिहास की सबसे बड़ी रिकवरी, हर माह 2 करोड़ की घूस
जयपुर, 9 अप्रैल। राजस्थान के जयपुर में पांच लाख की घूस लेते पकड़े गए बायोफ्यूल प्राधिकरण (बीएफए) के सीईओ सुरेंद्र सिंह राठौड़ को निलंबित कर दिया गया है। एसीबी के छापे में सुरेंद्र सिंह राठौड़ के घर से एसीबी की तलाशी में 3 करोड़ 62 लाख रुपए नकद बरामद किए गए है। यह राशि राजस्थान भष्ट्राचारा निरोधक ब्यूरो के इतिहास में किसी रिश्वतखोर के घर से मिली सबसे बड़ी रकम है।

एसीबी के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि बायोडीजल मेन्यूफैक्चरिंग व डिस्ट्रीब्यूटर से लाइसेंस रिन्यू करने के बदले पांच लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोपी सुरेंद्र सिंह राठौड़ को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल में भिजवाया जाएगा। इसके घर से 3.62 करोड़ की नकदी के अलावा कई जगह प्लॉट व मकान के दस्तावेज मिले हैं।
बता दें कि पांच साल पहले तक सामान्य परिवार में रहने वाला सुरेंद्र सिंह राठौड़ एयरफोर्स में सार्जेंट पद से रिटायर होकर नियमों के खिलाफ बायोफ्यूल प्राधिकरण का सीईओ बन गया। इसके बाद 10 सप्लायर्स, 100 रिटेलर और 200 माफिया से हर माह दो करोड़ रुपए की मंथली वसूल रहा था।
मूलरूप से जोधपुर के ओसियां निवासी व वर्तमान में जयपुर के झोटवाड़ा के तारा नगर स्थित कॉलोनी में रहने वाला सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को एसीबी की कार्रवाई के दौरान धमकी दी थी कि उसका 1 हजार करोड़ का टर्नओवर है। उसका एसीबी क्या बिगाड़ लेगी। अब वो ही सुरेंद्र सिंह राठौड़ एसीबी के शिकंजे में है।
बता दें कि सुरेंद्र सिंह राठौड़ के घर से राजस्थान एसीबी के इतिहास की सबसे बड़ी रिकवरी 3.62 करोड़ से पहले आईएएस अशोक सिंघवी के घर से 1.25 करोड़ रुपए, परिवहन विभाग के अफसरों के बिचौलिए जयवंत यादव के घर से 1.20 करोड़ रुपए और आईआरएस सहीराम के घर से 2.25 करोड़ रुपए बरामद किए थे।












Click it and Unblock the Notifications