सीकर के सांसद सुमेधानंद सरस्वती पर आर्य प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारी ने किया धोखाधड़ी का मुकदमा, जानिए वजह
जयपुर, 16 सितंबर। राजस्थान में सीकर से भाजपा के सांसद सुमेधानंद सरस्वती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। मामला जयपुर के आदर्श नगर थाने में दर्ज कराया गया है। भाजपा सांसद सुमेधानंद सरस्वती समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आदर्श नगर थाना प्रभारी विष्णु कुमार खत्री के मुताबिक आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान के मंत्री जीववर्धन शास्त्री ने इस्तगासे के जरिए सांसद सुमेधानंद सरस्वती, देवेंद्र कुमार और रवि शंकर गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दी है।

आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान पद के दुरुपयोग का आरोप
आदर्श नगर थाना अधिकारी विष्णु कुमार खत्री ने बताया कि शिकायतकर्ता शिकायत में बताया कि सांसद सुमेधानंद सरस्वती गत दिनों आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान चुने गए थे। लेकिन सरस्वती ने व्यस्तता का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद किशन लाल गहलोत को प्रधान नियुक्त किया गया। लेकिन सांसद सरस्वती ने पद पर नहीं रहते हुए फर्जी लेटरपैड छपाए और बैठकें बुलाने लगे। साथ ही देवेंद्र कुमार और रवि शंकर गुप्ता द्वारा आर्य प्रतिनिधि सभा के बैंक खातों में जमा राशि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हड़पने का आरोप लगाया गया है।

सीआईडी सीबी करेगी मामले की जांच
भाजपा सांसद सुमेधानंद सरस्वती सीकर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। मामले की जांच सीआईडी सीबी को सौंपी गई है। थानाधिकारी विष्णु कुमार खत्री के मुताबिक संस्था की एसएसओ आईडी को सरेंडर नहीं कर उसके दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामला सांसद से जुड़ा हुआ है। इसलिए मामले की जांच पुलिस मुख्यालय की सीआईडी सीबी को सौंप दी गई है। सीआईडी सीबी मामले की जांच कर कोर्ट के समक्ष रिपोर्ट पेश करेगी।













Click it and Unblock the Notifications