जयपुर : ब्रेकअप के बाद प्रेमी ने ली एक्स गर्लफ्रेंड की जान, मध्य प्रदेश के बंटी ने घर जाकर मारी गोली
जयपुर, 3 अगस्त। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सांगानेर पुलिस थाना इलाके में एक युवक ने गोली मारकर अपनी पूर्व प्रेमिका की जान ले ली। हत्या के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। सांगानेर पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई है। दोनों के बीच पांच साल के रिलेशन के बाद कुछ दिन पहले ही ब्रेकअप हो गया था। पुलिस ने आरोपी को दौसा के पास से पकड़ लिया है।

सांगानेर पुलिस के अनुसार आरोपी बंटी मध्य प्रदेश के श्योपुर का रहने वाला है। वह जयपुर में रहकर काम करता है। वहीं महिला दौसा जिले के मंडावर की रहने वाली बताई जा रही है। उसके दो बच्चे हैं। इधरख्, फायरिंग की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। महिला को गोली मारने के बाद बंटी मौके से भाग गया था।
मीडिया से बातचीत में सांगानेर पुलिस ने बताया कि आरोपी बंटी ने प्रेम प्रसंग में चल रही नाराजगी के चलते पूर्व प्रेमिका को गोली मारी है। दोनों के बीच पिछले पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बंटी मंगलवार शाम को एक्स गर्लफ्रेंड के घर जाकर उस पर फायर कर दिया था। गोली प्रेमिका के कंधे के समीप जाकर लगी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका।
वारदात की सूचना पाकर पुलिस ने आरोपी की तलााश के लिये आसपास के जिलों में सूचना भिजवाई। उसके बाद सक्रिय हुई जयपुर से सटे दौसा जिले की स्पेशल टीम ने देर रात आरोपी बंटी को दबोच लिया. स्पेशल टीम ने उसे दौसा में बालाजी मोड़ से धरदबोचा। बाद में आरोपी बंटी को जयपुर की सांगानेर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जयपुर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications