आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल टटोलेंगे राजस्थान की जनता की नब्ज, ऐसा होगा चुनावी रणनीति का आगाज
जयपुर, 16 सितंबर। राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 7 और 8 अक्टूबर को प्रदेश में आम आदमी पार्टी की संभावना तलाशने के लिए राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। केजरीवाल जयपुर में मेक इंडिया नंबर वन मिशन का दूसरे चरण लांच करेंगे। पार्टी के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि प्रदेश की जनता ग्राम संपर्क अभियान में सबसे ज्यादा यही पूछ रही है कि केजरीवाल राजस्थान कब आएंगे। ऐसे में अरविंद केजरीवाल ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में राजस्थान के लिए अपना कार्यक्रम बनाया है। मेक इंडिया नंबर वन मिशन की लॉन्चिंग के साथ ही वे राजस्थान में चुनावी रणनीति का आगाज करेंगे।

युवाओं से संवाद करेंगे केजरीवाल
राजस्थान दौरे के दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल टाउन हॉल में एक कार्यक्रम के दौरान युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। 8 अक्टूबर को विद्याधर नगर स्टेडियम में विशाल रैली आयोजित होगी। जिसमें प्रदेश के हर कोने से आम जनता शामिल होगी। जनसभा में 50 हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मिश्रा के मुताबिक राजस्थान की राजनीति के कई बड़े चेहरे पार्टी के संपर्क में है।

राजस्थान में अराजकता का माहौल
पार्टी के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने आरोप लगाया कि राजस्थान में अराजकता का माहौल है। प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहाल हो चुकी है सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर फेल साबित हुई है। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रवेश में सत्तारूढ़ दल के नेता भी यह बात खुल कर बोल रहे हैं। प्रदेश में बजरी माफिया के आतंक के आगे सरकार के कैबिनेट मंत्री तक लाचार नजर आ रहे हैं। सरकारी योजनाओं को अस्पताल स्वीकार नहीं कर रहे हैं। पार्टी के सत्तारूढ़ विधायकों को धरने देने पड़ रहे हैं।

कांग्रेस भाजपा को जनहित के मुद्दों से सरोकार नहीं
विनय मिश्रा ने आरोप लगाया कि राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस में नूरा कुश्ती चल रही है। उन्हें जनहित के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं। प्रदेश में लंपी वायरस से हजारों गायों की मौत हो चुकी है। पश्चिमी राजस्थान में कई जिलों में पशुपालकों का रोजगार छिन चुका है। लेकिन सरकार कुर्सी बचाने में व्यस्त है। आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले लंपी वायरस से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की थी।

जमीनी स्तर पर असफल रहा राजस्थान मॉडल
मिश्रा ने बताया कि राजस्थान मॉडल जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल रहा है। इसकी वास्तविकता सत्तारूढ़ दल के नेता स्वयं बयां कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात में राजस्थान मॉडल की तारीफ कर रहे हैं। लेकिन जमीनी स्तर पर यह मॉडल असफल है। प्रदेश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार बढ़ा है। किसान ऋण माफी का इंतजार कर रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं में जमकर धांधली हुई है। राजस्थान की महिलाएं सुरक्षित नहीं है। बिजली और स्वास्थ्य की सेवाएं चरमराई हुई है। ऐसे में राजस्थान की जनता इन पर कैसे भरोसा जताए। आम आदमी पार्टी के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने राजस्थान सरकार पर जमकर आरोप लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications