राजस्थान के भीलवाड़ा में स्कूल बस में लगी आग, देखते ही देखते जल गई बस, देखें वीडियो
जयपुर 25 जुलाई। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में कारोई थाना क्षेत्र के मुजरास टोल नाके के पास सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही स्कूल बस में अचानक आग लग गई। बस ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। बच्चों को स्कूल बस से उतारकर बस को साइड में लगा लिया था। हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन बस देखते ही देखते पूरी जल गई। बस में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।
Recommended Video

ड्राइवर की सूझबूझ से बच्चे सुरक्षित
भीलवाड़ा के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से बच्चों को लेकर गंगापुर स्थित स्कूल जा रही बस में मुजरास टोल नाके के पास अचानक आग लग गई। बस चालक देवी सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को साइड में रोककर फटाफट बच्चों को बस से उतार दिया। ड्राइवर ने बस को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर खड़ी कर दी। जिससे सभी बच्चे और स्कूल स्टाफ सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में भीलवाड़ा से दो दमकल ने पहुंचकर आग बुझाई। हादसे में बस का अधिकांश हिस्सा जल गया है।

हादसे के बाद सहमा ड्राइवर
स्कूल बस में 11 स्कूली बच्चे और 8 शिक्षक मौजूद थे। टोल नाके के आगे से और बच्चों को इस बस में बिठाया जाना था। स्कूल बस गंगानगर के सोमालिया स्कूल की बताई जा रही है। यह बस रोजाना बच्चों को घर से गंगापुर के स्कूल लेकर जाती है। हादसे के बाद से ड्राइवर देवी सिंह सहमा हुआ है। स्कूल बस में आग लगने की खबर फैलते ही कई अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता को लेकर मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications