Jaipur : होटल की पहली मंजिल से सीधे बेसमेंट में गिरी लिफ्ट में फंसे रहे एक ही परिवार के 10 लोग
राजस्थान की राजधानी जयपुर की एक होटल में हादसा हुआ है। होटल की लिफ्ट में एक ही परिवार के दस लोग एक घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट होटल की पहली मंजिल से सीधे बेसमेंट में आकर गिर गई थी। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण हर किसी का जान अटकी रही। पीडि़त परिवार की ओर से होटल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई तब पूरा मामला सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जयपुर के विद्याधर नगर का एक परिवार होटल जयपुर बाग में भाई दूज मनाने गया था। प्रमोद अग्रवाल के परिजनों ने जयपुर में गांधी पथ स्थित होटल की चौथी मंजिल पर रूफ टॉप नाइट डिनर बुक करवा रखा था। प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि भैया दूज पर तीन परिवारों के भाई बहनों ने मिलकर पार्टी रखी थी। रूफ टॉप पर डिनर करने होटल में आए थे। लिफ्ट की क्षमता 13 लोग थे जबकि उसमें 10 लोग सवार हुए थे।
भैया दूज मनाने के बाद इस परिवार के दस सदस्य लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। दूसरी मंजिल आने के बाद लिफ्ट अचानक धड़ाम से नीचे गिर गई और सीधे बेसमेंट में पहुंच गई। होटल स्टाफ से कोई मदद नहीं मिली तो लिफ्ट में फंसे लोगों ने वैशाली नगर पुलिस थाने में सूचना दी।
सूचना पाकर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर आई। तब तक वे करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे। दहशत और अंधेरे के कारण लिफ्ट में फंसे लोगों की हालत खराब हो गई थी। सिविल डिफेंस ने उनको सुरक्षित बाहर निकाला। पीडि़त परिवार की ओर से करणी विहार पुलिस थाने में होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करवाया है।












Click it and Unblock the Notifications