अब 21 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिला को भी मिलेगा लाड़ली बहना योजना का लाभ, जोड़ा जाएगा नाम: CM शिवराज
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने युवतियों के लिएएक और बड़ी घोषणा कर दी है। सीएम शिवराज ने जबलपुर में लाडली बहना योजना को लेकर फिर एक नया ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब 21 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित बहनों को भी मिलेगा लाड़ली बहना योजना का लाभ। सूची में जोड़ा जाएगा नाम।
जबलपुर में जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा के दौरान बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब 21 वर्ष से अधिक अविवाहित बहनों को भी मिलेगा लाड़ली बहना योजना का लाभ। ऐसी बहने जो 21 वर्ष से अधिक है और जिन्होंने विवाह नहीं किया, ऐसी बहनें लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र हैं, उनका नाम भी लाड़ली बहना योजना में जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि बहनों ने मेरे लिए दिया जलाया है मैं उनके जीवन में अंधेरा नहीं रहने दूंगा। महिलाओं के लिए 33% सीट रिजर्व करके उनके जीवन को बदलने का काम बीजेपी ने किया है। मेरी लाड़ली बहनों, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि ₹1,250 कर दी है, इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर ₹3,000 तक ले जाऊंगा।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि कमलनाथ की जब सरकार बनी तो उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई जनहित की सभी योजनाओं को बंद कर दिया था। वो रोते थे कि हमारे पास पैसा नहीं है। लेकिन मेरी बहनों और भांजियो तुम्हारे मामा के पास योजनाओं के लिए बहुत पैसा है। अभी लाड़ली बहना योजना के माध्यम से 1 करोड़ 32 लाख रुपए डाले हैं। जो हमारी बहनें इस योजना के लाभ लेने से छूट गई हैं, उनके नाम भी योजना में शामिल कर लिए जाएंगे। बहनों के लिए 450 में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो अब 33 प्रतिशत आरक्षण बिल अब संसद में पास करवा लिया है। अब महिलाओं को चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। शिवराज ने कहा कि लाडली बहना योजना लागू होने के बाद अब हमारी बहनें कहती हैं कि हमारी सास और पति के स्वभाव में बदलाव आया है। श्री चौहान ने कहा कि यह योजना सिर्फ बहनों के खातों में पैसे डालने के लिए नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान दिलाने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि बहनें अपना रोजगार और व्यापार स्थापित कर सकें, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा की सरकार ने किया देश-प्रदेश का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ को विकास से कोई लेना देना नहीं है। मि. बंटाढार की सरकार का दौर तो सभी ने देखा है। 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने भी विकास को ठप कर दिया था। भाजपा की सरकार ने देश और प्रदेश का विकास किया है। एक तरफ प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार विकास के कीर्तिमान स्थापित कर रही है, तो दूसरी तरफ प्रदेश सरकार भी मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलने के काम में लगी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने ऐसी व्यवस्था की है कि अब गरीब परिवारों के जो बच्चे अंग्रेजी में कमजोर होते थे, वो भी डॉक्टर इंजीनियर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार मेडिकल और इंजीनियरिंग कि पढ़ाई हिंदी में करवा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चे अगर मेडिकल इंजीनियरिंग में एडमिशन लेते हैं, तो उनके माता-पिता को फीस की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनकी फीस उनका मामा भरवाएगा। सीएम ने कहा कि नीट परीक्षाओं में सरकारी स्कूल के बच्चों को 5 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि अगर आप सभी को ये लगता है कि हमारी सरकार ने अच्छा काम किया है, तो आने वाले चुनाव में भाजपा को वोट देकर विकास और गरीब कल्याण करने वाली सरकार बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications