Priyanka Gandhi का जबलपुर दौरा आज, 20 मिनट नर्मदा पूजन से लेकर आम सभा तक सियासत से भरा, ऐसा है शेड्यूल
Priyanka Gandhi's visit to Jabalpur: कांग्रेस की दिग्गज नेत्री प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश के जबलपुर दौरे पर है। वह यहां करीब साढ़े चार घंटे बिताएंगी। उनका मिनट टू मिनट शेड्यूल जारी हो चुका हैं।
Priyanka Gandhi's visit to Jabalpur: एमपी में मिशन 2023 के नक्शे में उतरती कांग्रेस के लिए आज का दिन बेहद अहम है। जिस बेल्ट में राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा का प्लान नहीं बना, वहां उनकी बहन प्रियंका गांधी विजयी अभियान का शंखनाद करने पहुंच रही हैं।
केन्द्रीय कई दिग्गजों समेत प्रदेश के सभी कांग्रेसी नेताओं का शहर में एक दिन पहले ही जमघट लग गया था। प्रदेश में अपनी रैली के लिए महाकौशल के जबलपुर को चुनने वाली प्रियंका का करीब साढ़े चार घंटे का शेड्यूल हैं। जिसमें नर्मदा पूजन, रोड शो, रैली समेत कई कार्यक्रम तय है।
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद महाकौशल के जबलपुर में यह पहला मौका है गांधी परिवार से जुड़े सदस्य की यहां एंट्री हो रही हैं। ऐसे वक्त में, जब कांग्रेस हिमाचल फिर कर्नाटक की जीत से गदगद हैं। प्रदेश के नेता भी इस बहाने प्रियंका के उस अंदाज को देखना चाहते थे, जिसमें वह जीत का दंभ भरेंगी।

प्रियंका गांधी का जबलपुर का मिनट टू मिनट प्रोग्राम फाइनल है। उनके यहां पहुंचने के पहले देर रात तक आयोजन स्थलों पर बारी-बारी से नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। बारीक से बारीक इंतजाम पर गौर किया गया। जहां कमी देखी, उसे फ़ौरन दुरुस्त किया गया।
| ऐसा है मिनट टू मिनट शेड्यूल |
| सुबह 10.30 बजे | प्रियंका गांधी का जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर आगमन होगा। |
| सुबह 10.40 बजे | एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से ग्वारीघाट के लिए रवाना होगी। |
| सुबह 10.45 बजे | ग्वारीघाट आगमन होगा। |
| सुबह 10.50 बजे | ग्वारीघाट पर नर्मदा पूजन ( 20 मिनट)। |
| सुबह 11.15 बजे | ग्वारीघाट से सभा स्थल तक रोड शो। (इस बीच शेड्यूल में भंवरताल स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी) |
| सुबह 11.25 बजे | आम सभा के लिए शहीद स्मारक पहुंचेगी। |
| दोपहर 13.25 बजे | सभा स्थल से ग्वारीघाट हेलीपेड के रवाना होंगी। |
| दोपहर 13. 30 बजे | ग्वारीघाट हेलीपेड से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी। |
| दोपहर 13.35 बजे | डुमना एयरपोर्ट पहुंचेगी फिर बाद में दिल्ली के लिए रवाना होगी। |
इस शेड्यूल में राजनीति की झांकी भी सजी है। नर्मदा पूजन के जरिये जहां बहुसंख्यकों को धार्मिकता का संदेश देने की कोशिश है तो वहीं सभा स्थल पर पहुंचने से पहले गोंडवाना कालीन रानी दुर्गावती की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित कर आदिवासियों का हमदर्द बनने की कोशिश भी होगी। सत्ता वापसी के लिए AICC की मीटिंग के बाद राहुल गांधी पहले ही दावा कर चुके है कि 150 सीटें जीतने वाले है।उन्ही की बात को अब प्रदेश में पूरी कांग्रेस दोहरा रही हैं। ये अलग बात है कि दिग्विजय सिंह विदिशा दौरे के वक्त 15 सीट कम यानि लगभग 135 सीट जीतने का अनुमान बता चुके थे।
राहुल गांधी यहां 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान पहुंचे थे। स्थानीय तैयारियों में दिन-रात एक करने वाले कांग्रेसियों का कहना है कि प्रियंका का यह दौरा पार्टी की ताकत को और बढ़ाने वाला है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू ने दावा किया है कि सभा में दो लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक तय शेड्यूल में दबीं जुबान से यह भी सुनने आया कि प्रियंका का जबलपुर में यह दौरान शहर की पश्चिम और उत्तर मध्य विधानसभा तक समेट दिया गया। कुछ लोगों ने कहा कि अघोषित तौर पर पश्चिम क्षेत्र से रोड शो का रूट ऐसा भी बनाया जा सकता था, जिसमें केंट और पूर्व विधानसभा क्षेत्र का कुछ हिस्सा कवर हो जाता। लेकिन इन दोनों क्षेत्रों के बड़े नेताओं की एक नहीं चली।












Click it and Unblock the Notifications