MP News: मंडला नेशनल हाईवे पर ऐसा एक्सीडेंट कि बाइक के हो गए दो टुकड़े, कार हो गई कबाड़
सड़क हादसा मप्र के मंडला जिले के नेशनल हाईवे पर हुआ। कार बाइक में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय, बाइक के साथ कई फीट दूर उछलकर गिरा और बाइक के दो टुकड़े हो गए।
(MP News) नेशनल हाईवे पर अंधाधुंध रफ़्तार में जब वाहन भागते है, तो चालक यह भूल जाते है कि किसी के लिए वह यमराज भी बन सकते। मप्र के मंडला जिले के नेशनल हाईवे पर बाइक और कार में रोंगटे खड़े कर देने वाली ऐसी ही भीषण टक्कर हुई। कार की रफ़्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर से बाइक के दो टुकड़े हो गए और उसमें सवार युवक की मौत हो गई। कार भी पलटते हुए खेत में जा घुसी, जिसकी स्थिति कबाड़ से कम नहीं।

ऐसे हादसे कि गाड़ी तक के हो रहे दो टुकड़े
तस्वीर में दो टुकड़ों में नजर आ रही बाइक और कबाड़ जैसी स्थिति में कार को देखकर कोई यही कहेगा कि किसी मैकेनिक के यहां की होगी। बाइक को खोलकर सड़क रख दिया होगा और कार को स्क्रेप में तब्दील किया जा रहा होगा। लेकिन यहां ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। दरअसल दोनों वाहनों की यह दुर्दशा भीषण एक्सीडेंट में हुई है। जिस किसी ने भी इन दोनों गाड़ियों की हालत देखी, वह सोच में पड़ गया कि जब एक्सीडेंट में गाड़ियों की यह गत हुई तो उसमें सवार चालक की क्या स्थिति हुई होगी?

मंडला नेशनल हाईवे पर हुआ यह हादसा
यह सड़क हादसा मप्र के मंडला जिले के नेशनल हाईवे पर हुआ। संजय ठाकुर नामक युवक जब बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी रायपुर से आ रही तेज रफ़्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। बताया गया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय, बाइक के साथ कई फीट दूर उछलकर गिरा और बाइक के दो टुकड़े हो गए। कार भी लहराती हुई पलट गई और खेत में जा घुसी।

अस्पताल पहुंचने के पहले घायल ने तोड़ा दम
रात के वक्त हुए हादसे को वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा। लहुलुहान हालत में गंभीर घायल संजय, जब तक अस्पताल पहुंच पाता, बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। देर रात हुए इस हादसे की पुलिस को भी खबर की गई। मौके पर खेत में घुसी कार में सवार चालक गायब था। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह भी घायल हुआ होगा और पुलिस से बचने किसी अन्य गाड़ी में सवार होकर वह भाग गया।

गुस्साए ग्रामीणों ने कार में लगा दी आग
अगले दिन हादसे से गुस्साएं ग्रामीण खेत से कार निकालकर रोड पर लाए और उसमें आग लगा दी। हाईवे पर जलती कार की सूचना पर जब तक दमकल विभाग की गाड़ी आग बुझाने पहुंचती, तब तक वह ख़ाक हो चुकी थी। ग्रामीणों का इस बात को लेकर भी गुस्सा था कि कार चालक बचकर भाग निकला।

कार मालिक का नहीं चल सका पता
कार में आग लगने से उसकी नंबर प्लेट भी जल गई। जिससे मंडला पुलिस अभी यह पता नहीं कर सकी है, कि गाड़ी कहां की है और इसे कौन चला रहा था। कोतवाली पुलिस का कहना है कि हादसे वाली गाड़ी का नंबर रायपुर की ओर टोल में लगे CCTV फुटेज से पता किया जा रहा। साथ ही चेचिस नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की पतासाजी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications