Kamal Nath: ऐसा क्या हुआ, कि जबलपुर मेयर को खाना पड़ी कमलनाथ के आंसुओं की कसम ? बीजेपी ने ली चुटकी
(Kamal Nath) जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आंसुओं की याद आई है। दरअसल भोपाल में पीसीसी के नवनिर्वाचित महापौर, प्रतिनिधियों के सम्मलेन में मेयर अन्नू ने कसम खाई, कि वो तक तक चैन से नहीं बैठेंगे, जब तक 2023 में कमलनाथ के रूप में सीएम की ताजपोशी नहीं देख लेते। वहां मौजूद कांग्रेसियों से भी जगत बहादुर अन्नू ने यही कसम खाने की अपील की। सियासी गलियारें में इस बयान की खूब चर्चा हो रही है।

PCC की सम्मलेन में ‘अन्नू की कसम’ का किस्सा
मप्र कांग्रेस कमेटी ने भोपाल में नगरीय निकाय के महापौरों और पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मलेन बुलाया था। जिसमें जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' भी पहुंचे थे। मंच से बोलने के लिए जब उन्हें माइक मिला तो वह पूर्व सीएम और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के आंसुओं की कसम खाते नजर आए। इतना ही नहीं उन्होंने वहां मौजूद अन्य लोगों से भी कसम खाने की अपील की।

कमलनाथ सरकार गिरने के वक्त के ‘आंसू’
जबलपुर मेयर ने पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों और नेताओं की भीड़ में जिन आंसुओं की कसम का जिक्र किया, वह 19 महीने की कमलनाथ सरकार के गिरने के वक्त के बताए। जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' बोले कि जब कमलनाथ ने इस्तीफ़ा दिया था, उस वक्त वह भी ग्राउंड में मौजूद थे। तभी उन्होंने यह कसम खाई थी। अन्नू ने कमलनाथ की तारीफ के पुल भी बांधे और बोले कि देश में हर क्षेत्र में हर बुलंदी के मुकाम को पाने वाला एक मात्र नेता कमलनाथ है। जो आम जनता से बीच रहते है और उनका दुःख दर्द समझते है।

छल-कपट से भाजपा ने गिराई थी सरकार, चैन से नहीं बैठूंगा
महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' यहां खूब जोश में नजर आए। बोले कि बीजेपी ने छल कपट का सहारा लेकर कमलनाथ की सरकार गिराई थी। हर दृश्य आँखों में कैद है। उसे ना तो कभी भूलूंगा और ना ही तक तक चैन से नहीं बैठूँगा जब तक 2023 में दोबारा कमलनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन जाते। अन्नू ने यह जोशीला बयान अपने फेसबुक पेज पर भी शेयर किया। जिस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है।

महापौर बनने के बाद कमलनाथ के और करीब हुए ‘अन्नू’
दरअसल जबलपुर नगर निगम चुनाव में अरसे बाद कांग्रेस का महापौर निर्वाचित हुआ। बड़े भरोसे से कमलनाथ ने जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' को मेयर प्रत्याशी घोषित किया था। चुनाव में लगभग 45 हजार वोटों से उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार डॉ. जितेन्द्र जामदार को हराया। इस चुनाव के कुछ समय पहले ही उन्होंने नगर अध्यक्ष भी बनाया गया था। पूर्व मंत्री तरुण भनोत के ख़ास रहते हुए अन्नू के महापौर बनने से जबलपुर में कांग्रेस सिर ऊंचा हुआ है। इससे कमलनाथ से उनकी नजदीकियां और लगाव और बढ़ गया।

बीजेपी ने ली चुटकी, कहा ये घड़ियाली आंसू वाले बयान
इधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आयोजन में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की सौगंध खाने वाले बयान पर बीजेपी ने चुटकी ली है। जबलपुर में नगर निगम नेताप्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल बोले कि किसी मंच से ऐसी कसम खाने और खिलवाने से यदि कांग्रेस के मुख्यमंत्री बनते होते, तो देश कांग्रेस मुक्त नहीं हो रहा होता। मेयर अन्नू का बयान घड़ियाली आंसुओं की तरह है, चाहे वह कितनी कसम खा ले, प्रदेश की जनता कांग्रेस की असलियत जानती है।












Click it and Unblock the Notifications