Video: ‘आपने नहीं देखा होगा कार से चलने वाला जबलपुर का ये चोर..’, हनुमानजी से क्षमा फिर ले उड़ा दानपेटी
(Video) चोरी की वारदात और चोरों के किस्से आपने खूब देखे और सुने होंगे। लेकिन एमपी के जबलपुर में एक से बढ़कर एक चोर है, जिनकी हिस्ट्री और वारदात का तरीका दूसरों से जुदा है। ऐसे ही एक शातिर चोर के CCTV का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। कार से चलने वाले इस चोर की करतूत एक हनुमानजी मंदिर में लगे कैमरों में कैद हुई है। नकाब ओढ़े यह चोर पहले हाथजोड़कर प्रार्थना करते दिखा। फिर मंदिर में रखी दान-पेटी ले उड़ा। इस चोर के बारे में पढ़िए ये पूरी खबर।

कार से उतरा, मंदिर में घुसने के पहले हाथ जोड़े
तस्वीर में नकाब ओढ़े इस चोर को आप भले ही न पहचान पाए, लेकिन इसकी करतूत जरुर जान जाएंगे। यह कार में फर्राटे भरने वाला चोर है। दिन में सैर-सपाटा करता है और रात को जहां मौका मिलता है, वहां चोरी की वारदात को अंजाम देता है। इसकी करतूत के CCTV फुटेज जब वायरल हुए तो यह चोरी के पहले मंदिर में हाथ जोड़ने और प्रार्थना करते दिखा।
Recommended Video

दिवाली के एक दिन पहले रात को वारदात
जबलपुर के ग्रामीण सालीबाड़ा इलाके में स्थित हनुमान मंदिर का यह वीडियो बताया जा रहा है। जहां बड़ी शान शौकत के साथ कार से यह चोर पहुंचता है। हाथजोड़कर मंदिर में दाखिल होने के बाद फिर एक बार हनुमानजी की आराधना करते दिखा। उसके बाद जंजीर से बंधी दान पेटी को तोड़ता है और वहां झंडे के कपड़े में लपेटकर उसे ले भागा।

दीपावली की सुबह पता चली वारदात
वारदात के अगले दिन जब मंदिर के पुजारी पंडित अजय दुबे की चैनल गेट पर नजर पड़ी तो चोरी का पता लगा। सीसीटीवी फुटेज में चोर के वारदात के तरीका देखकर पुलिस भी हैरान है। पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए कार से आए इस तरह चोर का मामला पहली बार सामने आया है। रात का वक्त था, तो कार नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं पड़ रहा है। फिर भी अन्य रास्तों पर चोर की कार के फुटेज खंगालने टीम लगाई गई है। ताकि उसके मूवमेंट का पता चल सकें।

हाथ में घड़ी और अँगुलियों में अंगूठी
फुटेज में नजर आ रहे चोर की कलाई पर घड़ी है। साथ ही वह अंगुठियां भी पहने है। लोगों की भी समझ में नहीं आ रहा कि ये कैसा चोर...जो कार चलता है और सामान्य व्यक्तियों की तरह नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इस चोर के द्वारा पहले मंदिर की रैकी की गई। उसके बाद वारदात के लिए उसने इस मंदिर को अपना शिकार बनाया।

लक्ष्मीजी के मंदिर में भी इसी तरह वारदात
कुछ महीने पहले पाटन रोड स्थित लक्ष्मीमाता मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई थी। जहां सिर्फ बरमूडा पहना और नकाब ओढ़ा युवक मंदिर में दाखिल होता है। पहले वह भी हाथ जोड़कर लक्ष्मी जी से प्रार्थना करता है, फिर वहां रखी दान पेटियां लेकर फुर्र हो जाता है। हनुमान मंदिर की इस चोरी के बाद शहर के मंदिरों में दहशत का माहौल है। कुछ जगहों पर पुजारियों ने दान पेटी रात के वक्त निकलकर रखने का फैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications