International yoga day 2023: दुनिया के 80 देशों में दिखेगा जबलपुर का मुख्य प्रोग्राम, बरगी डेम पर भी होगा योग
International yoga day 2023: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का 21 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए इस बार जबलपुर को चुना गया हैं। यहां सेना केगैरिसन ग्राउण्ड पर होने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का दुनिया के 80 देशों में लाइव टेलीकास्ट होगा। आयोजन को भव्य बनाने प्री-एक्टिविटी शुरू कर दी गई हैं।
खास बात यह है कि 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "वसुधैव कुटुम्बकम के लिये योग" रखी गई है। जबलपुर में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में सेना, पुलिस, होमगार्ड, रेल्वे और सुरक्षा संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस सिलसिले में कलेक्टर सौरव कुमार सुमन भी एक्टिव हैं।
कलेक्टर ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर होने वाले सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का डॉक्यूमेंटेशन होगा और ड्रोन कैमरे से रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। जबलपुर शहर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में करीब एक लाख 25 हजार नागरिकों को शामिल करने की योजना बनाई गई है।

इसके अलावा स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। गैरिसन ग्राउण्ड पर होने वाले कार्यक्रम में 15 हजार चिन्हित प्रतिभागी शामिल होंगे। नवाचार के तौर पर दिव्यांगजन, ट्रांसजेन्डर, कैंसर और थैलिसीमिया के रोगियों को भी सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। जबलपुर के नजदीक बरगी बांध पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
जबलपुर शहर के 78 वार्ड में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में 2 हजार नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित जा रही है। शहर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल भेड़ाघाट के साथ 50 गार्डन में भी सामूहिक योगाभ्यास का विशेष सत्र होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये स्वयंसेवी संगठनों की मदद ली जा रही है। जिले भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जन-सामान्य की सहभागिता बढ़ाने के लिये विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। स्कूलों में भी अभी से योगाभ्यास की प्रेक्टिस शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications