Jabalpur News: 'कच्चे धागे की कसम, बहनों की आंखो में...', जबलपुर में बोले सीएम, कटंगी-पौड़ी बनेगी तहसील
Jabalpur News: एमपी के जबलपुर पाटन विधानसभा क्षेत्र के वाशिंदों के लिए शुक्रवार का दिन बेहद ख़ास था। सीएम शिवराज सिंह ने यहां के कटंगी और पौड़ी को तहसील बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमि पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंद्रयान के चांद पर पहुंचने के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बेमिसाल कार्य हुआ है। प्रज्ञाधाम कटंगी में आयोजित महिला सम्मेलन और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम बड़ी संख्या में आयी बहनों से आत्मीय संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में पहले बेटा और बेटी में भेदभाव किया जाता था। बेटे के जन्म पर खुशियां मनाई जाती थी तो वहीं बेटी के जन्म पर माता पिता के चेहरे पर मायूसी छा जाती थी। इस भेदभाव को देखकर मेरा मन पीड़ा से भर जाता था। बच्चियों के प्रति इस नकारात्मक रवैये को बदलने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रारंभ की गई। बेटी को अब बोझ नहीं बल्कि वरदान समझा जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के इसी क्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले बहनों को अपनी छोटी मोटी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए सोचना पड़ता था और वे अपना मन मारकर रह जाती थी। अपनी बहन का भाई होने के नाते मेरा फ़र्ज़ है कि मैं भी अपनी बहनों को कुछ उपहार दूं।
सीएम ने खाई कच्चे धागे की कसम
सीएम बोले राखी प्रेम स्नेह आत्मीयता का मजबूत बंधन है। मुझे इस राखी के कच्चे धागे की क़सम है मैं अपनी बहनों की आंखो में आंसू नहीं आने दूंगा। परिवार और समाज में बहन बेटियों का मान बढ़े और उनके जीवन में व्यापक बदलाव आए । इसके लिए एक हजार रुपए की राशि को क्रमश: बढ़ाकर प्रतिमाह 3 हजार रुपए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रक्षा बंधन के पर्व पर 27 अगस्त को पूरे प्रदेश की बहनों से संवाद भी करेंगे।
कटंगी में विकास कार्यों का भूमि पूजन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को लाड़ली बहनों ने ने विशाल राखी भेंट की। मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जन कलश यात्रा निकालने वाली बहनों को जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के उपयोग के लिये जल संकल्प दिलाया। सीएम् ने कटंगी में 548.88 करोड रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें 10 लाख रुपए की लागत से निदान फाल का सौंदर्यीकरण भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications