Jabalpur News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जबलपुर आगमन आज, सुराज कॉलोनी योजना की मिलेगी सौगात
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम जबलपुर पहुंचगे। पूर्व और उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो के साथ जन सभा का भी कार्यक्रम हैं। शहर के लिए आज का दिन ख़ास हैं। लोगों को उम्मीद है कि सीएम जबलपुर के विकास के लिए कई बड़ी सौगातों का पिटारा खोलेंगे।
भोपाल से जारी शेड्यूल के मुताबिक सीएम सुबह 11.30 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा कटंगी के समीप ग्राम गुबरा में बने अस्थाई हेलीपेड पहुंचेगे। सुबह 11.40 बजे कटंगी में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर दोपहर 1.25 बजे गुबरा से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 1.45 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर स्थित हेलीपेड पहुंचेगे। मुख्यमंत्री जबलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 6.45 बजे वायुयान द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे।
इस दौरान जबलपुर में सुराज कालोनी योजना का शुभारंभ भी करेंगे। साथ ही अनधिकृत कालोनियों के पात्र घोषित होने के बाद वहां अधो-संरचना विकास एवं भवन अनुज्ञा प्रदाय करेंगे। मध्य प्रदेश की 23 हजार एकड़ भूमि को भू माफियों और अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराकर गरीबों के लिए सुराज कालोनी बनाई जा रही है। इसी तरह छह हजार अनधिकृत कालोनियों को वैध करने की प्रक्रिया भी जारी है। मुख्यमंत्री चौहान जबलपुर से इसका शुभारंभ करेंगे।

मंत्री गोपाल भार्गव का भी होगा आगमन
प्रदेश के लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री तथा जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव भी आज जबलपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। प्रभारी मंत्री सुबह 11 बजे सागर जिले के गढ़ाकोटा से कार द्वारा कटंगी पहुंचेगे। कटंगी स्टेडियम में मुख्यमंत्री के साथ महिला सम्मेलन एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे । भार्गव कटंगी से मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर द्वारा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर स्थित हेलीपेड आयेंगे । वे मुख्यमंत्री चौहान के साथ जनदर्शन कार्यक्रम में तथा शहीद स्मारक गोलबाजार में आयोजित सु-राज कॉलोनी योजना के शुभारम्भ, अवैध कॉलोनियों को वैध किये जाने एवं हितलाभ वितरण के कार्यक्रम में शामिल होंगे ।












Click it and Unblock the Notifications