CBSE Result 2022: टॉपर्स में एमपी की ख़ुशी, प्रज्ञा की इंटेलीजेंसी, ऊँची है सपनों की उड़ान
जबलपुर, 22 जुलाई: "कहते है मंजिले उन्ही को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है..पंख होने से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है".... ये लाइन मध्यप्रदेश के अनाज बेचने वाले और एक किसान की बेटियों की कामयाबी पर फिट बैठती है। छिंदवाड़ा की रहने वाली ख़ुशी कुकरेजा ने 99 फीसदी अंकों के साथ CBSE 12वीं बोर्ड की परीक्षा में टॉप किया है। वही जबलपुर में किसान की बेटी प्रज्ञा सिंह ने 98 फीसदी अंकों के साथ जिले में टॉप किया। दोनों ही बेटियों ने अपने माता-पिता के साथ शहर का नाम भी रौशन किया।

छिंदवाड़ा की ‘ख़ुशी की ख़ुशी में लगे चार चाँद’
ये मप्र के छिंदवाड़ा जिले की रहने वाली ख़ुशी कुकरेजा है। चेहरे को देखकर ही ख़ुशी की ख़ुशी दिखाई पड़ने लगती है। छिंदवाड़ा के आसाराम गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली ख़ुशी कुकरेजा के लिए शुक्रवार का दिन अब तक की जिंदगी में सबसे ख़ुशी वाला दिन साबित हुआ। जैसे सुबह CBSE बोर्ड के 12वीं क्लास के नतीजे घोषित हुए, तो देश के टॉपर में 99 फीसदी अंकों के साथ अपना नाम देखकर वह ख़ुशी से झूम उठी। वह अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता और पढ़ाने वाले गुरुजनों को दे रही है।
Recommended Video

बगैर ट्यूशन-कोचिंग के सफलता, पिता अनाज व्यापारी
ख़ुशी की इस सफलता ने पूरे परिवार के अरमानों में चार चाँद लगाए है। उसके दादा भी बेहद खुश है। ख़ुशी ने बताया कि शुरुआत से ही उसने पढ़ाई में अव्वल आने, एक लक्ष्य निर्धारित किया था। कॉमर्स सब्जेक्ट से वह हर रोज आगे बढ़ती गई। न तो ट्यूशन और न ही कही कोचिंग ज्वाइन की। स्कूल में जो पढ़ाई होती थी, उसका घर पर ठीक ढंग से रिवीजन फिर आगे की तैयारी ने उसे, अपने हर सब्जेक्ट में अव्वल बना दिया था। ख़ुशी की माँ कहती है कि उनकी बेटी ने उनका सपना पूरा किया है। बेटी की इस सफलता से पिता विजय कुकरेजा का भी सीना चौड़ा हो गया है। वह अनाज व्यापारी है और उनकी मार्केट में दुकान है।

जबलपुर में किसान की बेटी अव्वल
जबलपुर में ज्ञान गंगा स्कूल की प्रज्ञा सिंह ने 98 फीसदी अंकों के साथ शहर में टॉप किया। प्रज्ञा के पिता पेशे से किसान है और माँ गृहणी है। घर में पढ़ाई-लिखाई का उतना माहौल न होने के बाबजूद प्रज्ञा अपनी पढ़ाई के प्रति कभी भी लापरवाह नहीं रही। प्रज्ञा शहर के जिस इलाके में रहती है, वहां से स्कूल लगभग 20 से 25 किलोमीटर दूर है। स्कूल आने-जाने में ही हर रोज दो से तीन घंटे गुजर जाते थे। स्कूल में जो पढ़ाया, वह पूरी लगन के साथ ही पढ़ा। घर में उसी पढ़ाई का अभ्यास दिनचर्या में शामिल था। जिसकी बदौलत परीक्षा में उसने सबको पीछे छोड़ दिया। प्रज्ञा के माता-पिता अपनी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद खुश है। प्रज्ञा की तमन्ना है कि वह आने वाले वक्त में देश भर में सौ फीसदी अंकों के साथ टॉप करें।

10th सोशल साइंस और गणित में किंजल को 100 में से 100 अंक
जबलपुर के ही क्राइस्टचर्च गर्ल्स स्कूल में पढ़ने वाली किंजल चौधरी ने CBSE दसवीं बोर्ड की परीक्षा में 98 फीसदी अंक हासिल किए। किंजल के पिता रवि की मेडिकल शॉप है। किंजल ने विज्ञान विषय में 99, गणित और सामाजिक विज्ञान में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए है। किंजल कहती है कि वह आगे पीसीएम (फिजिक्स, कैमेस्ट्री, मैथ्स) सब्जेक्ट लेगी। उनका लक्ष्य आईआईटी जेईई (JEE) है। जिसके लिए वह अभी से तैयारी करेगी। किंजल की माँ शैलजा और पिता रवि, अपनी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद खुश है। उनका कहना है कि बेटी के आगे के सपनों को पूरा करने वह कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications