‘महिलाओं का काम पुरुषों को प्रभावित करना और बच्चे पैदा करना...’, पुतिन ने महिला दिवस पर दिया विवादित बयान
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर से अपने देश की महिलाओं से ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की है। पुतिन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कहा कि महिलाएं अपनी बुद्धिमता, सुंदरता और उदारता से दुनिया बदल सकती हैं मगर इन सबसे बढ़कर प्रकृति ने उन्हें बच्चे पैदा करने के लिए चुना है।
पुतिन ने कहा कि किसी महिला के मां बनना एक अद्भुत क्षण है। उन्होंने कहा कि परिवार किसी भी महिला के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है, चाहे वह महिला किसी भी पेशे में हो या फिर वो कितनी ही ऊंचाईयां क्यों न हासिल कर ले उसकी अहम जिम्मेदारी परिवार चलाना है।

पुतिन ने एक वीडियो संदेश में कहा कि परिवार के हित या जरूरतों पर हमारा ध्यान है और ये हमारी प्राथमिकता में शामिल हैं। राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया कि रूसी अधिकारी रूस में परिवारों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। संबोधन में पुतिन ने यह भी दोहराया कि 2024 रूस में 'परिवार' का वर्ष है।
रूसी राष्ट्रपति ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप बेहद जटिल कार्य करती हैं और समय पर काम करने की आपकी क्षमता से हम प्रभावित हैं। पुतिन ने महिलाओं की खूब प्रशंसा करते हुए कहा कि, "आप आकर्षक और सुंदर बनी रहते हुए ढेर सारी समस्याओं और चिंताओं का सामना करती हैं। फिर कोई आपकी प्रशंसा कैसे नहीं कर सकता?"
आपको बता दें कि पुतिन ने रूस की जन्म दर को बढ़ावा देने के लिए एक अभियान तेज कर दिया है। पिछले साल दिसंबर में मॉस्को में वर्ल्ड रशियन पीपुल्स काउंसिल को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा था कि, देश को उस समय में लौटना चाहिए जब बड़े परिवार आदर्श थे। हमारी कई दादी और परदादी के सात, आठ या उससे भी ज्यादा बच्चे थे।
पुतिन ने कहा था कि हमें फिर से उन परंपराओं को संरक्षित और पुनर्जीवित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा था कि परिवार सिर्फ राज्य और समाज की नींव नहीं है। यह नैतिकता का स्रोत है। पुतिन ने कहा कि आने वाले दशकों में हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए रूस की जनसंख्या को संरक्षित करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए है।
पुतिन ने पिछले साल एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर इस वर्ष को शिशु-निर्माण वर्ष का नाम दिया था। उनकी यह टिप्पणी रूस में दशकों से गिरती जन्म दर के बीच आई है। पिछले 30 साल से देश में जन्मदर में गिरावट आ रही है। यूक्रेन युद्ध ने इस स्थिति को और बद से बदतर कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications