PM मोदी की मां हीरा बा के निधन पर दुनिया भर से श्रद्धांजलि की लहर, PAK पीएम ने भी जताया दु:ख
हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी कुछ दिक्कतों के चलते बुधवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद पीएम मोदी अपनी मां की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए अहमदाबाद पहुंचे।

पीएम नरेंन्द्र मोदी की मां हीराबेन का शुक्रवार सुबह एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 99 वर्ष हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी कुछ दिक्कतों के चलते बुधवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद पीएम मोदी अपनी मां की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए अहमदाबाद पहुंचे। पीएम मोदी ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और मुखाग्नि देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। पीएम मोदी की मां के देहांत पर अब देश-विदेश से श्रद्धांजलि के संदेश आ रहे हैं।

शाहबाज शरीफ ने जताया शोक
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर ट्वीट कर गहरा शोक जताया है। शाहबाज शरीफ ने ट्वीट करते हुए लिखा कि "मां को खोने से बड़ा कोई नुकसान नहीं है। प्रधानमंत्री जी को मां के निधन पर मेरी संवेदनाएं।"
नेपाल पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड ने दी श्रद्धांजलि
नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भी पीएम मोदी की मां के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने पोस्ट कर लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी की प्यारी मां हीराबा के निधन पर गहरा दुख पहुंचा है। दुख की इस घड़ी में, मैं पीएम मोदी जी और परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।"
जापानी पीएम ने जताया शोक
जापानी पीएम फुमियो किशिदा ने भी पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं आपकी प्यारी मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
शेर बहादुर देउबा ने भी किया ट्वीट
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने भी पीएम मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया- नरेंद्र मोदी जी और उनके परिवार को उनकी पूजनीय माता हीराबेन मोदी के निधन पर मेरी संवेदनाएं। उनकी शाश्वत आत्मा को मोक्ष मिले।
बेंजामिन नेतन्याहू ने दी श्रद्धांजलि
इजराइल में नए प्रधानमंत्री बने बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ट्वीट करके शोक प्रकट किया। नेतन्याहू ने कहा कि मेरे प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, भारत के प्रधानमंत्री, कृपया अपनी प्यारी मां के निधन पर मेरी संवेदना स्वीकार करें। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्यारी मां के निधन से गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।












Click it and Unblock the Notifications