तालिबान के प्रवक्ता का इंटरव्यू लेने वाली महिला एंकर ने छोड़ा देश, कहा- हालात सुधरे तो लौटूंगी
काबुल, अगस्त 30। हाल ही में तालिबान के प्रवक्ता अब्दुल हक हम्माद का लाइव इंटरव्यू लेकर सुर्खियों में आने वाली अफगानी महिला एंकर देश छोड़कर भाग गई हैं। आपको बता दें कि अफगानिस्तान के टोलो न्यूज की 24 वर्षीय महिला एंकर बेहेश्ता (Beheshta Arghand) ने तालिबान के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि का कुछ दिन पहले इंटरव्यू लिया था। ऐसा पहली बार हुआ था, जब किसी महिला एंकर ने तालिबान के किसी प्रतिनिधि का इंटरव्यू लिया था। उस इंटरव्यू को लेकर उनकी दुनियाभर में तारीफ हुई थी, लेकिन अब खबर है कि उन्हें अफगानिस्तान छोड़कर जाना पड़ा है।

क्यों देश छोड़कर गईं बेहेश्ता?
एक जर्नलिस्ट के रूप में बेहेश्ता अफगानिस्तान में काफी लोकप्रिय चेहरा हैं। बेहेश्ता का करियर अपने पीक पर था। उन्होंने 9वीं में ही जर्नलिस्ट बनने की ठान ली थी। अपने प्रोफेशन से प्यार करने वाली बेहेश्ता को तालिबान की ऐसी दहशत बैठी कि उन्हें देश छोड़कर जाना पड़ा। उन्होंने अपने अफगानिस्तान छोड़ने की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें अफगानी पत्रकारों और नागरिकों के सामने आने वाले खतरे को देखते हुए देश छोड़ना पड़ा है।

'स्थिति बेहतर हुई तो मैं लौटूंगी'
CNN को दिए एक इंटरव्यू में बेहेश्ता ने अफगानिस्तान लौटने की भी बात कही है। उन्होंने कहा है, "मैंने देश छोड़ दिया क्योंकि लाखों लोगों की तरह, मुझे तालिबान से डर लगता है, लेकिन मैं ये जरूर कहूंगी कि अगर अफगानिस्तान में स्थिति बेहतर होती है और मुझे लगता है कि मैं सुरक्षित हूं और मेरे लिए कोई खतरा नहीं है तो मैं अपने देश जरूर वापस जाऊंगी।

अफगानिस्तान में कई पत्रकारों ने छोड़ा देश
आपको बता दें कि अफगानिस्तान में कई पत्रकार, अधिकारी, सरकार के मंत्री और यहां तक की राष्ट्रपति अशरफ गनी भी देश छोड़कर जा चुके हैं। टोलो न्यूज के मालिक साद मोहसेनी ने बताया है कि सिर्फ बेहेश्ता ने ही देश नहीं छोड़ा है, बल्कि कई अफगानिस्तान के कई जाने-माने पत्रकार यहां से चले गए हैं, उनकी जगह नए लोगों को रखने के लिए हम पागलों की तरह काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications