भारतीय गोला-बारूद से हमास के खिलाफ युद्ध लड़ेंगे इजराइली सैनिक? अमेरिकी 'धोखे' के बाद मिलेगा दोस्त का साथ!
Israel-Hamas War: भारत और इजराइल के बीच डिफेंस रिलेशनशिप की जड़ें 1990 के दशक से मजबूत होनी शुरू हुई थी, जब दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। तब से, यह रिश्ता महज कूटनीतिक बारीकियों से आगे बढ़कर, एक व्यापक रक्षा साझेदारी तक विकसित हो गया है।
डिफेंस टेक्नोलॉजी, विशेष रूप से मिसाइल डिफेंस और आतंकवाद-निरोध जैसे क्षेत्रों में इजराइल की विशेषज्ञता से भारत को काफी मदद मिली है और 1999 के कारगिल युद्ध में इजराइली मदद को भला भारत कैसे भूल सकता है।

कारगिल युद्ध में इजराइल ने बिना किसी झिझक भारत को भारी मात्रा में गोला बारूद और हथियार दिए थे, जिसने भारतीय सैनिकों को पाकिस्तानियों को कारगिल की ऊंची चोटियों से खदेड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। भारतीय मिराज लड़ाकू विमानों के लिए तैयार लेजर-गाइडेड मिसाइलों और इजराइल से मिले मोर्टार गोला-बारूद ने मजबूत स्थिति में मौजूद पाकिस्तानी सेना को बेअसर करने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।
और आज वो स्थिति बन गई है, जब हमास के खिलाफ चल रहे युद्ध के बीच इजराइल और भारत का रक्षा संबंध फोकस में आ गया है।
लेटेस्ट रिपोर्ट में किया गया दावा क्या है?
इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) ने अपनी 2023 की वार्षिक रिपोर्ट में खुलासा किया है, कि भारत प्रसिद्ध इजराइली हथियारों का मुख्य विदेशी खरीददार बन गया है। हालांकि, IAI की वार्षिक रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से खरीदार देश का नाम बताने से परहेज किया गया, लेकिन तारीखों सहित सौदों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है।
आईएआई की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है, कि "अक्टूबर 2018 में, आईएआई ने वायु रक्षा प्रणालियों के संयुक्त निर्माण और आपूर्ति के लिए मटेरियल कस्टमर A देश (देश का नाम अज्ञात रखा गया है) के एक सरकारी कंपनी के साथ कुल 777 मिलियन डॉलर का समझौता किया है।"
यह खुलासा ठीक उसी महीने आईएआई की घोषणा से मेल खाता है, जिसमें 777 मिलियन डॉलर मूल्य की नौसेना बराक 8 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के साथ अपने समझौते का खुलासा किया गया था।
इजराइली अखबार हारेत्ज़ की रिपोर्ट में कहा गया है, कि देश के साथ अप्रैल 2017 में 1.6 अरब डॉलर मूल्य के बराक 8 एसएएम का अतिरिक्त प्रावधान, अक्टूबर 2018 में स्काई कैप्चर सी3 सिस्टम के लिए $550 मिलियन का समझौता किया गया था।
इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) के प्राथमिक ग्राहक के रूप में भारत की स्थिति का खुलासा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की गहराई को और रेखांकित करता है।
यह व्यापक रूप से ज्ञात तथ्य है कि भारत - दुनिया का सबसे बड़ा हथियार आयातक, इजरायली हथियारों का सबसे बड़ा खरीदार भी है। रूस, फ्रांस और संयुक्त राज्य अमेरिका के बाद इजराइल, भारत का चौथा सबसे बड़ा सैन्य हार्डवेयर आपूर्तिकर्ता है।
इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के आसपास की भू-राजनीतिक जटिलताओं के बावजूद, इजराइली हथियारों के सबसे बड़े खरीदार के रूप में भारत की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।

क्या इजराइल को युद्ध सामग्री निर्यात कर रहा है भारत?
फरवरी 2024 में, इजराइल की गोला-बारूद की मांग में वृद्धि का संकेत देने वाली रिपोर्टें सामने आईं थीं। एक इजरायली सूत्र ने रॉयटर्स से बात करते हुए कहा है, कि "हमास के खिलाफ जारी सैन्य अभियान की वजह से इजरायल को गोला-बारूद की जरूरत है।"
द वायर की एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि अदानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और इजराइल के एल्बिट सिस्टम्स के बीच एक संयुक्त उद्यम, अदानी-एल्बिट एडवांस्ड सिस्टम्स इंडिया लिमिटेड ने 20 से ज्यादा भारतीय निर्मित एयरो-स्ट्रक्चर और सबसिस्टम बतौर युद्ध सामग्री, इजराइल को निर्यात किया है। इजराइल के लिए हर्मीस 900 यूएवी/ड्रोन भी भारत ने भेजा है। इसके अलावा, सरकार के स्वामित्व वाली म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड ने हाल ही में जनवरी 2024 में इज़राइल को आयुध निर्यात किया है।
हालांकि, रिपोर्ट में इस बात पर भी प्रकाश डाला गया है, कि MIL द्वारा निर्यात किए जाने वाले उत्पाद को विशेष रसायनों, सामग्रियों, उपकरणों और प्रौद्योगिकियों (SCOMET) की वार मैटेरियल लिस्ट में नहीं डाला गया है, बल्कि सैन्य उद्देश्यों के लिए स्पष्ट रूप से नामित करने के बजाय 'डबल यूज' वाली वस्तु के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
यह रिपोर्ट भारत के रुख और समर्थन के बारे में सवाल उठाती है, कि क्या भारत, जरूरत के समय में युद्ध सामग्री की आपूर्ति करके इज़राइल को सहायता प्रदान कर रहा है? इसके अलावा, क्या इसका वैश्विक मंच पर भारत की छवि पर कोई प्रभाव पड़ता है?

भारत-इजराइल संबंध
भारत-इज़राइल संबंधों की जटिलताओं को स्पष्ट करते हुए, रिटायर्ड भारतीय राजदूत सौमेन रे साझेदारी की मल्टी डायमेंशनल संबंधों पर जोर दिया है।
यूरेशियन टाइम्स की एक रिपोर्ट में उन्होंने कहा है, कि "हां, भारत इजराइल से रक्षा उपकरणों का सबसे बड़ा खरीदार है। हालांकि, हमारे बीच कृषि, मातृभूमि की सुरक्षा, अत्याधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी व्यापक सहयोग है।"
वहीं, वर्तमान में इजराइल-हमास युद्ध और भारत-इजराइल संबंध को अलग करते हुए उन्होंने कहा, कि "हमने फिलिस्तीन में चल रहे युद्ध में उपयोग के लिए इजराइल को हथियार और युद्ध सामग्री की आपूर्ति नहीं की है। इसलिए, भारत-इज़राइल रक्षा व्यापार संबंध वर्तमान युद्ध स्थिति से जुड़ा नहीं है। ये दोनों पहलू एक दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। इसके अलावा, इजराइल के साथ हमारे संबंध सामान्य रूप से फिलिस्तीनियों और विशेष रूप से अरब दुनिया के साथ हमारे संबंधों पर निर्भर नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, कि "अंत में, हम बस इतना ही कह सकते हैं, कि भारत और इजराइल ने रक्षा सहयोग में एक मजबूत साझेदारी विकसित की है, जो आपसी विश्वास और साझा रणनीतिक हितों की विशेषता है।
इस सहयोग का केंद्र डिफेंस टेक्नोलॉजी और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान है, जिससे दोनों देशों को लाभ होगा। जैसे-जैसे दोनों देश उभरती हुई भू-राजनीतिक गतिशीलता का सामना कर रहे हैं, दोनों देशों का गठबंधन लचीला, साझा मूल्यों और रणनीतिक अनिवार्यताओं पर आधारित बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications