क्या चीन के राष्ट्रपति G20 Summit में शामिल होने दिल्ली आ रहे हैं? भारत ने दी नई जानकारी
China in G20 Summit: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे या नहीं, इसपर सस्पेंस बना हुआ है। अगले हफ्ते ही नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन होने वाला है, लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि चीनी राष्ट्रपति शायद भारत नहीं आ सकते हैं।
इन मीडिया रिपोर्ट्स के बीच, भारत ने कहा है, कि वह अभी भी बीजिंग से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहा है। भारत वर्तमान में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है लेकिन मुख्य कार्यक्रम 9 और 10 सितंबर को निर्धारित है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन सहित दुनिया के दर्जनों शीर्ष नेताओं का नई दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।

चीन के राष्ट्रपति के आने पर सस्पेंस
हालांकि, आमंत्रित किए गए लगभग सभी मेहमानों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था, लेकिन चीन ने इस बात पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, कि उनके नेता शी जिनपिंग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं।
जी20 के विशेष सचिव मुक्तेश परदेशी ने शुक्रवार को कहा, कि भारत अगले सप्ताहांत नई दिल्ली में होने वाले जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भागीदारी पर, चीन से लिखित पुष्टि का इंतजार कर रहा है।
परदेशी ने पीटीआई-भाषा से पूछे जाने पर कहा, कि "हमने अखबारों में कुछ रिपोर्टें देखी हैं। लेकिन, हम लिखित पुष्टि पर चलते हैं। और हमने (लिखित पुष्टि) नहीं देखी है। जब तक हम यह नहीं देख लेते, हम फिलहाल इसपर कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।"
परदेशी ने कहा, कि जी20 जैसे शिखर सम्मेलन में विश्व नेताओं की भागीदारी के बारे में आमतौर पर एक राजनयिक नोट के माध्यम से बताया जाता है। उन्होंने शी की भागीदारी पर कहा, कि "मुझे लगता है कि इसकी प्रतीक्षा की जा रही है.. हमें अधिकांश अन्य पुष्टियां मिल गई हैं।"
पुतिन दिल्ली कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे
वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बता चुके हैं, कि शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए, उनके लिए भारत की यात्रा करना संभव नहीं होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बनीज, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक, जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा उन G20 नेताओं में से हैं, जिन्होंने पहले ही कार्यक्रम में शामिल होने की अपनी पुष्टि कर दी है।
मोदी 10 सितंबर को ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को जी20 की अध्यक्षता की कमान सौंपेंगे। ब्राजील 1 दिसंबर को औपचारिक रूप से जी20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा।












Click it and Unblock the Notifications