16 साल के करियर में 4407 करोड़ की मालकिन, जानिए कौन हैं रिहाना
कौन हैं रिहाना, इससे पहले कब-कब रह चुकी हैं सुर्खियों में...
नई दिल्ली। Hollywood Star Rihanna latest news. केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में हॉलीवुड की मशहूर सिंगर रिहाना का ट्वीट वायरल हो गया है। रिहाना ने किसानों के धरनास्थल पर सरकार की तरफ से इंटरनेट बंद किए जाने के मामले को लेकर मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं?' रिहाना के इस ट्वीट के बाद किसानों के आंदोलन को ग्लोबल सर्मथन मिलना शुरू हो गया और ग्रेटा थनबर्ग सहित दुनिया की कई बड़ी हस्तियों ने इसे लेकर ट्वीट कर डाले। आइए जानते हैं कि कौन हैं रिहाना?
Recommended Video

'गुड गर्ल गॉन बैड' से मिली पहचान
महज 15 साल की उम्र से अपना म्यूजिक करियर शुरू करने वाली रिहाना हॉलीवुड की एक मशहूर सिंगर और एक्टर हैं। अपने करियर की शुरुआत में ही रिहाना को दिग्गज म्यूजिक प्रोड्यूसर इवान रोजर्स और कर्ल स्टर्कन के साथ परफॉर्म करने का मौका मिला। 2005 में रिहाना का पहला एलबम 'म्यूजिक ऑफ द सन' रिलीज हुआ, लेकिन उन्हें इंडस्ट्री में असली पहचान मिली अपने एलबम 'गुड गर्ल गॉन बैड' से।

9 ग्रेमी अवॉर्ड, 6 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
इसके बाद रिहाना ने कई हिट म्यूजिक एलबम दिए, जिनमें 'रेटेड आर', 'लाउड', 'टॉक दैट टॉक' और 'अनअपोलोजेटिक' शामिल हैं। उनके एलबम 'अंब्रेला' के लिए रिहाना को पहली बार ग्रेमी अवार्ड से नवाजा गया। 32 साल की रिहाना अपने करियर में अभी तक 9 ग्रेमी अवॉर्ड, 13 अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड, 12 बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड और 6 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जीत चुकी हैं।

सबसे रईस महिलाओं की सूची में शामिल
लंदन के '02 एरेना' में सोलो आर्टिस्ट के तौर पर 10 म्यूजिक शो करने वाली रिहाना 4407 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं और उन्हें फोर्ब्स ने 2020 की सबसे रईस महिलाओं की सूची में शामिल किया था। म्यूजिक इंडस्ट्री में धमाल मचाने के अलावा रिहाना ने 2012 में फिल्म Battleship के जरिए एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा। इसके बाद रिहाना ने लेरियन, द सिटी ऑफ ए थाउसैंड प्लेनेट्स और ओसिअन्स 8 में भी काम किया।

कब कब सुर्खियों में रहीं रिहाना
किसान आंदोलन के अलावा रिहाना इससे पहले भी कई बार बड़े मुद्दों को लेकर सुर्खियों में आ चुकी हैं। साल 2016 में बियॉन्से, क्रिस रॉक और जेनिफर हडसन जैसी 20 बड़ी हस्तियों के साथ रिहाना ने अमेरिका में पुलिस की बर्बरता के खिलाफ पीएसए में हिस्सा लिया। पुलिस की बर्बरता के खिलाफ रिहाना ने वेबसाइट मिक डॉट कॉम पर '23 Ways You Could Be Killed If You Are Black in America' टाइटल से एक वीडियो रिलीज किया।

इंस्टाग्राम पर हैं 90.3 मिलियन फॉलोवर्स
अमेरिका में जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुस्लिम आबादी वाले देशों के यात्रियों को प्रतिबंधित करने का फैसला लिया, उस समय भी रिहाना ने खुलकर ट्रंप के फैसले का विरोध किया। हाल ही में म्यांमार में हुए तख्ता पलट को लेकर भी रिहाना ट्वीट कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाली रिहाना के 81 मिलियन से ज्यादा फेसबुक फैंस, 101 मिलियन ट्विटर फॉलोवर्स और 90.3 मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोवर्स हैं।

कोरोना राहत फंड में दिए 2 मिलियन डॉलर
म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के अलावा रिहाना अपने एनजीओ Clara Lionel Foundation के जरिए सामाजिक कार्यों में भी शामिल रहती हैं। मार्च 2020 में अपने एनजीओ के जरिए रिहाना ने कोरोना वायरस राहत फंड के लिए 36 करोड़ रुपए जुटाए। साथ ही निजी तौर पर भी 2 मिलियन डॉलर की धनराशि कोरोना वायरस राहत फंड को दान दिए।












Click it and Unblock the Notifications