New York Primary Election: कौन हैं मीरा नायर के बेटे जोहरान ममदानी? जो बने न्यूयॉर्क के अगले मेयर
New York Democratic Mayoral Primary Election Zohran Mamdani: भारतीय मूल के युवा और प्रगतिशील नेता ज़ोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद की डेमोक्रेटिक प्राइमरी में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। अब तक गिने जा चुके 90% वोटों में ममदानी को 50% वोट हासिल हुए हैं, जबकि एक समय अमेरिकी राजनीति के दिग्गज रहे पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो दूसरे स्थान पर रहे।
मंगलवार, 24 जून 2025 की रात ही कुओमो ने सार्वजनिक रूप से अपनी हार स्वीकार कर ली थी। धमाकेदार जीत हासिल करने के बाद ममदानी ने न्यूयॉर्क को संबोधित करते हुए कहा कि, "जिस शहर ने ट्रंप को पैदा किया अब वही बताएगा कि कैसे उन्हें हराया जाता है। आपके लिए मेरे पास बस चार ही शब्द हैं, वॉल्यूम जरा तेज करो।"
बता दें कि यह मुकाबला न केवल न्यूयॉर्क की राजनीति को नई दिशा देने वाला है, बल्कि भारतीय मूल के नेताओं के लिए भी एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।

आईए जानते हैं कौन हैं जोहरान ममदानी? क्या है भारत के साथ इनका संबंध?
कौन हैं ज़ोहरान ममदानी? (Who is Zohran Mamdani)
ज़ोहरान ममदानी, 33 वर्षीय एक प्रगतिशील राजनीतिज्ञ हैं जो भारतीय और उगांडाई विरासत से आते हैं। उनका जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था और वह कम उम्र में ही अमेरिका आ गए थे। उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी में परवरिश पाई और यहीं से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। ज़ोहरान की मां मीरा नायर हैं जो कि एक फेमस डॉयरेक्टर हैं।
मीरा नायर ने "मॉनसून वेडिंग" और "द नेमसेक" जैसी फिल्मों निर्देशन किया है। उनके पिता, महमूद ममदानी, एक प्रख्यात उगांडाई-भारतीय शिक्षाविद् और राजनीतिक विश्लेषक हैं। ममदानी वर्तमान में न्यूयॉर्क राज्य विधानसभा के सदस्य हैं और खुद को एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के रूप में पहचानते हैं। चुनाव से पहले वह बिल्कुल अनजान चेहरा थे, लेकिन उन्होंने बेघर लोगों के लिए आवास, जीवन-यापन की बढ़ती लागत और नस्लीय समानता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर युवाओं, प्रवासी समुदायों और श्रमिक वर्ग के बीच खासा समर्थन जुटाया।
क्यों चर्चा में हैं ज़ोहरान?
ममदानी को अमेरिका की प्रगतिशील राजनीति की दो सबसे प्रमुख आवाज़ों - कांग्रेस सदस्य अलेक्ज़ेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज़ और सीनेटर बर्नी सैंडर्स - का समर्थन प्राप्त है। ये दोनों नेता अमेरिकी राजनीति में वामपंथी विचारधारा को मजबूत करने के लिए जाने जाते हैं।
उनकी इस बढ़त ने न्यूयॉर्क सिटी की राजनीति में नई ऊर्जा भर दी है और साथ ही यह संकेत भी दिया है कि विविध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवा नेता अमेरिकी राजनीति में कितनी तेजी से उभर रहे हैं।
क्या है वोटिंग सिस्टम? कैसे होता है चुनाव?
न्यूयॉर्क सिटी में रैंक्ड-चॉइस वोटिंग सिस्टम अपनाया जाता है, जिसमें मतदाता अपने पसंदीदा पांच उम्मीदवारों को प्राथमिकता क्रम में चुनते हैं। यदि किसी को पहले राउंड में 50% से अधिक वोट नहीं मिलते, तो सबसे कम वोट पाने वाले उम्मीदवार को बाहर कर दिया जाता है और उनके वोट अगले पसंदीदा उम्मीदवार को ट्रांसफर कर दिए जाते हैं। यह प्रक्रिया तब तक चलती है जब तक कोई उम्मीदवार बहुमत (50%+) हासिल न कर ले।
इस प्रणाली के कारण, हालांकि ममदानी अभी आगे हैं, लेकिन अंतिम परिणामों में कुछ बदलाव संभव हैं क्योंकि दूसरे और तीसरे पसंदीदा उम्मीदवारों की वोट गिनती अभी बाकी है।
डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से जो भी उम्मीदवार चुना जाएगा, वह नवंबर 2025 में होने वाले सामान्य चुनाव में मौजूदा मेयर एरिक एडम्स से भिड़ेगा, जो स्वयं एक डेमोक्रेट हैं लेकिन अक्सर पार्टी की मुख्यधारा से अलग राय रखते हैं। इसके अलावा, रिपब्लिकन पार्टी की ओर से कर्टिस स्लिवा, जो "गार्डियन एंजल्स" नामक नागरिक सुरक्षा समूह के संस्थापक हैं, भी मैदान में हैं।
चुनाव में एक और दिलचस्प मोड़ यह हो सकता है कि हार के बावजूद एंड्रयू कुओमो स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ें। अगर ऐसा हुआ, तो यह चुनाव एक त्रिकोणीय मुकाबला बन जाएगा और न्यूयॉर्क की राजनीतिक स्थिति में भारी फेरबदल ला सकता है।
ये चुनाव इतना महत्तवपूर्ण क्यों हैं?
न्यूयॉर्क सिटी अमेरिका का सबसे बड़ा शहर है और इसे विश्व की आर्थिक व सांस्कृतिक राजधानी भी कहा जाता है। यहां का मेयर न केवल शहर के नागरिकों के लिए, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक महत्वपूर्ण नेता माना जाता है। यदि जोहरान ममदानी यह चुनाव जीतते हैं, तो वह अमेरिका में सबसे प्रमुख भारतीय मूल के नेताओं में से एक बन जाएंगे।
इसके साथ ही, यह जीत अमेरिका में युवा, विविध और वामपंथी विचारधारा के नेताओं के बढ़ते प्रभाव का प्रतीक होगी। 1 जुलाई को जब अंतिम परिणाम घोषित होंगे, तब यह साफ होगा कि क्या ममदानी इस दौड़ को पूरा कर पाते हैं या रैंक्ड वोटिंग प्रणाली कोई नया मोड़ लेकर आती है। लेकिन इतना तय है कि ज़ोहरान ममदानी अब अमेरिकी राजनीति में एक उभरते हुए सितारे बन चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications