कपड़े का मास्क पहने हैं ? 15 से 20 मिनट में हो सकता है कोरोना, N95 में लगेगा इतना समय
नई दिल्ली, 10 जनवरी: ओमिक्रॉन इतनी तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है कि बचने का एक ही उपाय सबसे ज्यादा व्यावहारिक और कारगर है कि मास्क पहनें, सही मास्क पहनें और सही तरीके से मास्क पहनें। वैक्सीन, बूस्टर डोज सभी तभी काम आएंगे, जब मास्क को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखेंगे। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन(सीडीसी) के वैज्ञानिकों ने विभिन्न तरह के मास्क को लेकर एक शोध किया है, जिससे जाहिर होता है कि कपड़े का मास्क पहनना बहुत बड़े जोखिम को बुलावा देना है। वैज्ञानिकों ने हर बात बताई है कि आपके सुरक्षित रहने और आपने जो मास्क लगा रखा है, उसके बीच कितने वक्त का फासला है।

ओमिक्रॉन से सावधान रहने में ही समझदारी है
भारत कोरोना की तीसरी लहर से जूझ रहा है। यह बात लगभग आम हो चुकी है कि कोविड का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन बहुत ही ज्यादा संक्रामक है। लेकिन, अभी भी कपड़े वाले मास्क बनाम एन95 मास्क में बहस खत्म नहीं हुई है। कोविड की दूसरी लहर के बाद मास्क पहनने वाले काफी लोगों ने कपड़े के मास्क को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया था। वजह यह थी कि यह आरामदायक होता है और इसे बार-बार धोकर इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन, जब कोविड के केस काफी कम हो गए थे, तब भी ऐसे लोगों की कमी नहीं थी, जिन्होंने सर्जिकल मास्क या फिर एन 95 मास्क से कभी समझौता किया हो। लेकिन, अब हमारे सामने ओमिक्रॉन का खतरा है, इसलिए अब ज्यादा बहस की गुंजाइश बची नहीं है और सावधान रहने में ही समझदारी है।

मास्क नहीं होने पर 15 मिनट में संक्रमण का खतरा
हाल में कुछ शोध हुए हैं, उससे यह पता चला है कि अगर आप कपड़े के मास्क पहनते हैं तो आप 20 मिनट के भीतर कोरोना वायरस की चपेट में आ सकते हैं। वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने पाया है कि सामान्य तौर पर एन 95 मास्क ही कोविड-19 के खिलाफ ज्यादा सुरक्षित मास्क है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के मुताबिक अगर कोई संक्रमित व्यक्ति दूसरे से 6 फीट के दायरे में हो और उसने मास्क नहीं लगाया हो तो सिर्फ 15 मिनट में ही दूसरों को संक्रमित कर सकता है। सीडीसी ने इसके आगे की संभावनाओं पर भी बात की है।
Recommended Video

कपड़े के मास्क पहनने पर 20 मिनट में हो सकते हैं संक्रमित
दूसरी स्थिति में जब संक्रमित और स्वस्थ दोनों ही लोगों ने कपड़े के मास्क लगा रखे हों तो 27 मिनट में संक्रमण हो सकता है। लेकिन, अगर स्वस्थ व्यक्ति ने कपड़े के मास्क पहने हों और इंफेक्टेड शख्स बिना मास्क के ही हो तो संक्रमण में सिर्फ 20 मिनट ही लगेंगे। इसी तरह अगर संक्रमित व्यक्ति बिना मास्क के हो और स्वस्थ व्यक्ति ने सर्जिकल मास्क पहन रखा हो तो वायरस को दूसरे को संक्रमित करने में सिर्फ 30 मिनट लगेंगे।

एन 95 लगाने पर आपको मिल सकती है 2.5 घंटे तक सुरक्षा-शोध
ओमिक्रॉन के संक्रमण के समय एन 95 पहनना क्यों समझदारी है, इसके बारे में सीडीसी ने और साफ कर दिया है। इसके मुताबिक अगर संक्रमित और स्वस्थ दोनों ही लोगों ने एन 95 मास्क लगा रखा है तो वायरस के संक्रमण में 25 घंटे लगेंगे। अगर आप सोच रहे हैं कि मैं तो एन 95 मास्क लगाता हूं, लेकिन अगर कोरोना से संक्रमित व्यक्ति ने मास्क नहीं लगा रखा हो तो मुझे कितना खतरा है ? तो एक्सपर्ट का कहना है कि अगर दोनों में से एक ने मास्क नहीं लगाया है और एक ने एन 95 तो संक्रमण के फैलने में कम से कम 2.5 घंटे लगते हैं।

बहुत जरूरी होने पर डबल सर्जिकल मास्क का इस्तेमाल
वैसे एन 95 के बाद एक्सपर्ट सर्जिकल मास्क को थोड़ा बेहतर मान रहे हैं। हालांकि इनकी सलाह है कि यदि आप कपड़े का मास्क ही पहनना चाहते हैं तो इससे अच्छा है कि कोविड से सुरक्षित रहने के लिए सर्जिकल मास्क को जोड़ा (एक साथ दो सर्जिकल मास्क) लगाकर पहनें। दरअसल, कोविड-19 वायरस के एयरोसोल को कपड़े नहीं रोक पाते, इसलिए 4-5 प्लाई के एन 95 मास्क के इस्तेमाल की सलाह दी जाती है। ओमिक्रॉन डेल्टा से कहीं ज्यादा तेजी से फैलता है। यह उन्हें भी हो रहा है, जिन्होंने कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगा रखी है। इसलिए बेहतर और सुरक्षित मास्क लगाएं और कोरोना वायरस से अपना और अपने प्रियजनों को बचाएं।












Click it and Unblock the Notifications