कोरोना के बीच अब अमेरिका पर नई 'महा-आफत', अगले दो दिन मच सकती है भयंकर तबाही
कोरोना से टूटे अमेरिका पर एक और संकट, वैज्ञानिकों ने जारी की एक बड़ी कुदरती आफत की चेतावनी...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ने दुनिया के कई देशों के साथ-साथ अमेरिका की भी कमर तोड़ दी है। अमेरिका में कोरोना वायरस जमकर कहर बरपा रहा है और अभी तक 8 लाख से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। वहीं, कोरोना वायरस के कारण 45 हजार से ज्यादा लोगों की जान अब तक जा चुकी है। कोरोना वायरस की इस महामारी के बीच अमेरिका एक और संकट में घिरता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल 1 अप्रैल के बाद से अमेरिका के पूर्वी भाग में सैकड़ों बवंडर उठ चुके हैं। अब अमेरिका में चेतावनी जारी की गई है कि अगले दो दिनों के भीतर दक्षिणी मैदानी इलाकों से लेकर डीप साउथ तक एक बडा़ तूफान उठ सकता है।

सबसे बड़ा खतरा तबाही मचाने वाली हवाओं को लेकर
सीएनएन की खबर के मुताबिक, तूफान की चेतावनी को देखते हुए अमेरिका के ओक्लाहोमा, टेक्सास, अर्कांसस, लुइसियाना, अलबामा और जॉर्जिया को अलर्ट पर रखा गया है। अलर्ट में मिसिसिपी भी शामिल है, जो लंबे समय से दर्जनों विनाशकारी बवंडरों की मार झेल रहा है। मौसम की भविष्यवाणी करने वाली सरकारी एजेंसी स्टॉर्म प्रेडिक्शन सेंटर के मुताबिक, बुधवार रात तक उत्तर-मध्य टेक्सास के इंटरस्टेट कॉरिडोर्स में एक प्रचंड तूफान उठने की आशंका है। सबसे ज्यादा खतरे का अलर्ट इन इलाकों में ओले गिरने और तबाही मचाने वाली हवाओं को लेकर जारी किया गया है। इसके अलावा इस क्षेत्र में कुछ बवंडर भी उठ सकते हैं।

तबाही मचाने वाले बवंडर की चेतावनी
स्टॉर्म प्रेडिक्शन सेंटर की चेतावनी में कहा गया है कि गुरुवार सुबह तक मिसिसिपी घाटी के निचले हिस्सों में पहुंचने से पहले यह तूफान डलास-फोर्ट वर्थ इलाके में ज्यादा खतरनाक रूप में दिख सकता है। इसके साथ ही दक्षिणपूर्व के कुछ हिस्सों में एक मजबूत बवंडर के साथ-साथ भयंकर तूफान की आशंका जताई गई है। मौसम की भविष्यवाणी करने वाली कुछ अन्य एजेंसियों ने भी मिसिसिपी, अलबामा और जॉर्जिया के कुछ हिस्सों में तबाही मचाने वाले बवंडर की चेतावनी जारी की है।

दक्षिणी अमेरिका में खराब मौसम अपने चरम पर
अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, एक मजबूत बवंडर करीब 111 मील प्रति घंटे से लेकर 165 मील प्रति घंटे की रफ्तार की तेज हवाओं के साथ उठता है। वहीं, एक विनाशकारी बवंडर 166 मील प्रति घंटे से लेकर 200 मील प्रति घंटे और उससे भी ज्यादा रफ्तार की हवा की गति पकड़ सकता है। गौरतलब है कि यह वो समय है, जब दक्षिणी अमेरिका में खराब मौसम और बवंडर अपने चरम पर होते हैं।

बाढ़ का खतरा भी बढ़ा
मौसम के पूर्वानुमान में तूफान के साथ-साथ लुइसियाना, मिसिसिपी और अलबामा के इलाकों में कई घंटों तक बारिश की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में दक्षिणी अमेरिका में बाढ़ आने के भी आसार हैं। वेदर प्रेडिक्शन सेंटर का कहना है कि बाढ़ का सबसे ज्यादा खतरा उन इलाकों में होगा, जहां पिछले कुछ हफ्तों में बहुत ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि इन क्षेत्रों के कुछ हिस्से हाल ही में हुई उस भारी बारिश से कुछ हद तक संभल चुके हैं, जो उनकी औसत बारिश से 200 से 600 प्रतिशत है। अगर तूफान के साथ इन इलाकों में बारिश बढ़ती है, तो फिर ये क्षेत्र संवेदनशील कैटेगरी में बने रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications