वैगनर आर्मी चीफ प्रिगोजिन की मौत पर पुतिन का आया रिएक्शन, कहा- वह टैलेंडेड था मगर...
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ विद्रोह करने वाले वैगनर आर्मी चीफ येवगेनी प्रिगोजिन की बुधवार देर रात एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई। बीते कुछ समय से प्रिगोजिन और पुतिन के संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। अब प्रिगोजिन की मौत पर पुतिन का रिएक्शन आया है।
पुतिन ने विमान हादसे में वैगनर आर्मी चीफ येवगेनी प्रिगोजिन के मरने पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही पुतिन ने प्रिगोजिन को 'गलतियां' करने वाला प्रतिभाशाली व्यक्ति बताया है।

टेलीविजन पर प्रसारित एक टिप्पणी में पुतिन ने एक प्रतिभाशाली व्यवसायी के रूप में प्रिगोजिन की प्रशंसा की और कहा कि वह मरने वालों के परिवारों के प्रति गंभीर संवेदना व्यक्त करना चाहते हैं।
पुतिन ने कहा कि दुर्घटना की आधिकारिक जांच के नतीजे का इंतजार करना जरूरी है। इस हादसे में प्लेन में सवार सभी 10 लोग मारे गए थे। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि जांच में कुछ समय लगेगा।
पुतिन ने ये भी कहा कि प्रिगोजिन एक प्रतिभाशाली व्यक्ति था जिसने 'गलतियां' कीं। इसके साथ ही पुतिन ने कहा कि प्रिगोजिन ने यूक्रेन संघर्ष में 'महत्वपूर्ण योगदान' दिया।
आपको बता दें कि 23-24 जून को वैगनर आर्मी चीफ प्रिगोजिन ने पुतिन के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। हालांकि बाद में बेलारूस के राष्ट्रपति की मध्यस्थता के बाद उनका विद्रोध थम गया था।
इसके बाद वे बेलारूस में रहने लगे। मौत से ठीक 2 दिन पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उन्होंने बताया कि वे अफ्रीका में हैं। ऐसे में यह साफ नहीं है कि वो रूस कब और कैसे पहुंचे।
प्रिगोजिन ने रूस की मदद से वैगनर ग्रुप को खड़ा किया था। अब वह मारा जा चुका है। ऐसे में इस बात की आशंका जताई जा रही है कि पुतिन धीरे-धीरे वैगनर ग्रुप को भी खत्म कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications