जानिए ओबामा के इफ्तार पार्टी वाले वीडियो की सच्चाई
वाशिंगटन। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में आए कुछ मेहमानों को डिनर सर्व करते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में उनकी पत्नी और बेटियां भी हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो व्हाइट हाउस में हाल ही में आयोजित एक इफ्तार पार्टी का है। एक जुलाई को सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस वीडियो की हकीकत कुछ और ही है। यह वीडियो पाकिस्तान के एक नागरिक नूर मोहम्मद ने अपनी वॉल पर शेयर किया है।
यह वीडियो तीन वर्ष पुराना है और यह किसी इफ्तार पार्टी का नहीं हैं। रमजान के दौरान जब यह वीडियो आया तो लोगों को लगा कि वाकई किसी इफ्तार पार्टी का है लेकिन ऐसा नहीं है।
हैरानी की बात है कि सिर्फ 73 घंटे में इसे 350 मिलियन लोगों ने देख डाला है। साथ ही कई हजार लोगों ने इसे शेयर भी किया है।
आपको बता दें कि पिछले माह जब रमजान की शुरुआत हुई तो राष्ट्रपति ओबामा ने दुनिया भर के मुसलमानों को इसकी शुभकामनाएं दी थीं।