वेनेजुएला का अचानक बदल गया नक्शा, 2 फीट खिसकी धरती, ISRO के NISAR सैटेलाइट की तस्वीरों में दिखा खौफनाक सच
Venezuela Earthquake 2026: वेनेजुएला में पिछले महीने आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई थी, लेकिन अब ISRO और NASA के संयुक्त मिशन NISAR ने इस आपदा से जुड़ा एक बड़ा वैज्ञानिक खुलासा किया है। सैटेलाइट डेटा के विश्लेषण से पता चला है कि भूकंप के कारण कई इलाकों में जमीन करीब 60 सेंटीमीटर (करीब 2 फीट) तक खिसक गई थी।
इसी वजह से राजधानी कराकस और ला गुएरा समेत कई शहरों में व्यापक नुकसान हुआ। वैज्ञानिकों ने भूकंप से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरों की तुलना कर जमीन की सतह में आए बदलावों का सटीक नक्शा तैयार किया, जिससे भूकंप की वास्तविक प्रकृति को समझने में मदद मिली।

39 सेकंड के अंतराल में आए दो बड़े भूकंप
24 जून को उत्तरी वेनेजुएला में पहले 7.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसके महज 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। इन दोनों भूकंपों ने राजधानी कराकस, ला गुएरा, त्रुजिलो, याराकुय, काराबोबो, अरागुआ और मिरांडा राज्यों में भारी तबाही मचाई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में 5,000 से अधिक लोगों की मौत हुई, जबकि लगभग 16,700 लोग घायल हुए। कई इमारतें और सड़कें भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं।
NISAR ने पहली बार किया अर्जेंट रिस्पॉन्स सिस्टम का इस्तेमाल
भूकंप के बाद वैज्ञानिकों ने NISAR सैटेलाइट से 13 और 18 जून की तस्वीरों की तुलना 25 और 30 जून को जुटाए गए डेटा से की। इस विश्लेषण के जरिए जमीन की सतह में आए बदलावों का पता लगाया गया। खास बात यह रही कि किसी बड़े भूकंप के बाद पहली बार NISAR के अर्जेंट रिस्पॉन्स सिस्टम का इस्तेमाल कर प्रभावित इलाके की मैपिंग की गई। इससे वैज्ञानिकों को नुकसान का अधिक सटीक आकलन करने में मदद मिली।
InSAR तकनीक से सामने आया जमीन खिसकने का सच
जमीन में हुए सूक्ष्म बदलावों को मापने के लिए वैज्ञानिकों ने इंटरफेरोमेट्रिक सिंथेटिक अपर्चर रडार (InSAR) तकनीक का इस्तेमाल किया। इस तकनीक में सैटेलाइट के अलग-अलग समय पर जुटाए गए डेटा की तुलना करके यह पता लगाया जाता है कि पृथ्वी की सतह कितनी बदली है। विश्लेषण में सामने आया कि कई जगहों पर जमीन करीब 60 सेंटीमीटर तक खिसक गई। इससे यह समझने में मदद मिली कि भूकंप के दौरान धरती की परतों में कितना बड़ा बदलाव हुआ।
कराकस और ला गुएरा में इसलिए हुई सबसे ज्यादा तबाही
नासा की जेट प्रोपल्शन लैबोरेटरी के भू-भौतिकीविद एरिक फील्डिंग के मुताबिक, भूकंप की फॉल्ट लाइन समुद्र से होते हुए पूर्व की ओर बढ़ी और कराकस के उत्तर में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास फिर तट पर पहुंची। इसी क्षेत्र के दक्षिण में जमीन का सबसे अधिक, करीब 60 सेंटीमीटर तक विस्थापन दर्ज किया गया। यही वजह रही कि कराकस और ला गुएरा में सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली और कई इलाकों में बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित हुआ।
40 डिग्री के एंगल से धरती की हर हलचल पर नजर
एरिक फील्डिंग के अनुसार, NISAR सैटेलाइट पृथ्वी को सीधे ऊपर से नहीं बल्कि लगभग 40 डिग्री के कोण से देखता है। इस वजह से यह जमीन के क्षैतिज और ऊर्ध्वाधर दोनों तरह के विस्थापन को रिकॉर्ड कर सकता है। यही विशेषता इसे पारंपरिक सैटेलाइटों से अलग बनाती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि भविष्य में NISAR का डेटा भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव का तेजी से आकलन करने, राहत कार्यों की योजना बनाने और जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
