अमेरिका को उसी की भाषा में जवाब? ईरान ने US के दुश्मन को सौंपी विध्वंसक मिसाइलें, बाइडेन को करारा झटका!
Iranian Missiles In Venezuela: ईरान ने अमेरिका को जोरदार झटका देते हुए उसके बैकयार्ड में अपनी मिसाइलें तैनात कर दी हैं, जो बाइडेन प्रशासन के लिए बहुत बड़ा झटका है। वेनेजुएला ने हाल ही में ईरान से हासिल की गई CM-90 एंटी-शिप मिसाइलों को प्रदर्शित किया है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती शत्रुता के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए खतरनाक हो सकता है।
वेनेजुएला की सेना ने 16 अप्रैल को घोषणा की है, कि उसने CM-90 मिसाइल, नासिर एंटी-शिप मिसाइल (ASM) का निर्यात संस्करण हासिल कर लिया है। ईरान से खरीदी गई इन नई मिसाइलों को प्यूर्टो कैबेलो में "अगस्टिन अर्मारियो" नौसेना बेस पर तैनात किया गया है।

16 अप्रैल को वेनेजुएला की बोलिवेरियन नौसेना (एबीवी या आर्माडा बोलिवेरियाना डी वेनेजुएला) की सालगिरह समारोह के दौरान देश के रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज़ ने नौसेना बेस पर सीएम-90 का प्रदर्शन किया, जो अमेरिका के लिए एक संदेश माना जा रहा है। मिसाइलों को दिखाने के बाद पैडरिनो को एक इमारत में जाते दिखाया गया, जहां उन्होंने एंटी-शिप मिसाइल को देखा और इसका वीडियो वेनेजुएला की तरफ से जारी किया गया, जो उसके एंटी-यूएस रवैये का सार्वजनिक प्रदर्शन है।
अमेरिका की नाक के नीचे ईरानी मिसाइलें
माना जा रहा है, कि सीएम-90 मिसाइलों को संभवतः पेकाप मिसाइल बोट यानी ईरान के ज़ोल्फ़ागर जहाजों पर सुसज्जित की जाएंगी, जिसे वेनेजुएला ने पिछले साल हासिल किया था। वेनेजुएला ने जो जहाज ईरान से खरीदा है, वो जहाज-रोधी मिसाइल लांचरों, टारपीडो ट्यूबों और, दूरस्थ हथियार स्टेशनों के साथ, मजबूत तटीय रक्षा के लिए पूरी तरह से सशस्त्र हैं।
CM-90 मिसाइल, जिसे 2022 में DIMDEX शो में लॉन्च किया गया था, वो लगभग 4.16 मीटर लंबी, 280 मिमी व्यास वाले और 350 किलोग्राम वजन की है। इसका टर्बोजेट इंजन और सक्रिय रडार मार्गदर्शन प्रणाली इसे लगभग 90 किलोमीटर तक तेज रफ्तार से मार करने के काबिल बनाती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नासिर मिसाइल मौजूदा नासर मिसाइल से ली गई है। हालांकि, मिसाइलों को ज्यादा घातक बनाने के लिए नस्र की ठोस प्रणोदक मोटर को टर्बोजेट इंजन और लॉन्च बूस्टर से बदल दिया गया था। नासिर सिस्टम को ईरानी नौसेना में 2017 में शामिल किया गया था और उसके बाद से ये ईरानी नौसेना के लिए एक प्रमुख शक्ति बन गया है।
वेनेजुएला को अमेरिका से क्या खतरा है?
वेनेजुएला और अमेरिका में अच्छे रिश्ते नहीं हैं और चुनावों में धांधली की वजह से अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं। हालांकि, वेनेजुएला अमेरिका के सामने कहीं नहीं ठहरता और उसने ये ईरानी मिसाइलों को अमेरिका के लिए खरीदा भी नहीं है, बल्कि उसने ये मिसाइलें अमेरिका के दोस्त गुयाना के लिए खरीदे हैं, जिसके सिर पर अमेरिका का हाथ है।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने पिछले दिनों अमेरिका पर गुयाना को मदद देने और गुयाना में सीक्रेट सैन्य अड्डा बनाने का आरोप लगाए थे। और इसके बाद ही वेनेजुएला के रक्षा मंत्री ने ईरानी मिसाइलों का प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रपति मादुरो ने दावा किया था, कि "हमारे पास पुख्ता जानकारी है, कि दक्षिणी और पूर्वी वेनेजुएला पर हमला करने की तैयारी करने के लिए गुयाना के एस्सेकिबो क्षेत्र में संयुक्त राज्य अमेरिका की दक्षिणी कमान और सीआईए मे गुप्त अड्डे स्थापित किए हैं।"
कुछ दिन पहले भी अमेरिका ने लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला पर नये प्रतिबंधों के ऐलान किए थे, जिसके बाद दोनों देशों के बीच का तनाव और भी ज्यादा बढ़ गया है। वेनेजुएला के खिलाफ तेल प्रतिबंधों को काफी कम करने वाला लाइसेंस 18 अप्रैल को समाप्त होने वाला था। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा है, कि वो तेल प्रतिबंधों को नहीं हटाएंगे, जिससे वेनेजुएला में आर्थिक विनाश मचने की आशंका जताई जा रही है। अमेरिका ने कहा है, कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने चुनाव में भारी धांधली की है।

वेनेजुएला और ईरान में ब्रोमांस
मिसाइल का अधिग्रहण ईरान और वेनेजुएला के बीच बढ़ते भाईचारे को दर्शाता है, और चूंकी दोनों देशों का अमेरिका से खराब रिश्ता है, लिहाजा दोनों देश कई मुद्दे पर एक दूसरे का साथ खड़े रहते हैं। ईरान और वेनेज़ुएला ने रणनीतिक साझेदारी भी स्थापित किए हैं, जिसका मकसद बाहरी दबावों, खासतौर पर अमेरिकी प्रेशर का मुकालबा करना और एक दूसरे की रक्षा करना है।
यह रिश्ता कई दशक पुराना है। अतीत में भी, ईरान में महमूद अहमदीनेजाद और वेनेज़ुएला में ह्यूगो चावेज़ के प्रशासन के दौरान सैन्य सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई द्विपक्षीय समझौतों के साथ संबंध विकसित हुए थे। इसमें वेनेजुएला में सैन्य सुविधाओं का निर्माण और गोला-बारूद कारखाने जैसे संयुक्त उद्यमों की स्थापना शामिल थी।












Click it and Unblock the Notifications